खबर लहरिया Blog MP/ Chhatarpur: 14 साल की लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला जिसके कारण लड़की का स्कूल जाना कराया बंद

MP/ Chhatarpur: 14 साल की लड़की के साथ छेड़छाड़ का मामला जिसके कारण लड़की का स्कूल जाना कराया बंद

मध्य प्रदेश से एक नाबालिग लड़की के साथ ब्लैकमेल और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दरअसल मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के थाना सिविल लाइन अंतर्गत आने वाले वार्ड में एक 14 साल की लड़की और उसके परिजन द्वारा यह आरोप लगाया गया है कि सेहवाज खान नाम का एक युवक लड़की के साथ छेड़छाड़ कर उसे परेशान करता है। लड़की भी मुस्लिम है। 

रिपोर्ट –  अलीमा, लेखन – रचना  

फोटो साभार: अलीमा                                                    

लड़की के परिजन से मिली जानकारी के मुताबिक लड़की अभी 8वीं कक्षा में पढ़ती है लेकिन जब से परिवार के लोगों को इस खबर की जानकारी मिली है लड़की का स्कूल जाना बंद करवा दिया गया है और लड़की पिछले साल यानी 2025 से स्कूल नहीं जा रही है। लड़की की मां का कहना है कि “मुझे ऐसी चीजों में नहीं फँसना जिन चीजों से बदनामी होती है।” उनका कहना था कि लड़की लड़के से स्कूल में दोस्ती कर ली होगी और फिर आपस में फ़ोन से बात होने लगी जिसके बाद लड़का लड़की को ब्लैकमेल करता है। फ़ोन पर लड़की की आवाज को रिकॉर्डिंग कर के लड़की को मिलने जाने के लिए दबाव बनाता है। लड़का कहता है कि मिलने आओ वरना रिकॉर्डिंग वायरल कर देगा। 

लड़की के मां का आरोप है कि एक दिन घर पर सिर्फ लड़की थी उसी दौरान अकेला देख कर लड़का सेहवाज खान घर के अंदर घुस गया और लड़की के साथ छेड़खानी करने की कोशिश की। तभी उनकी छोटी बेटी ने ये घटना देख लिया और दादी को जाकर ये जानकारी दी जिसके बाद परिवार वालों द्वारा पुलिस रिपोर्ट कराने के लिए फैसला लिया गया। उनका आरोप है कि इस मामले में पुलिस द्वारा भी कोई कार्यवाही नहीं की गई। 

शारीरिक संबंध बनाने को कहता है लड़का 

लड़की से मिली जानकारी के मुताबिक लड़का रिकॉर्डिंग वायरल करने का धमकी देता था। “मैंने तो सिर्फ दोस्ती ही की थी पर यह तो मुझे ब्लैकमेल भी करता है। मुझसे कहता है कि मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाओ जबकि मैं ये कुछ नहीं चाहती और इसी कारण से लड़का मुझे ब्लैकमेल करता है”  आगे बताया कि “मैं अगर कहीं रास्ते में जाती हूं तो मुझे छेड़ता है मेरा हाथ पकड़ता है और अगर मैं अपनी मां से शिकायत करने की बात कहती हुं तो मुझे धमकी भी देता है।”  लड़की का आरोप है कि जब लड़के के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाने थाने पहुंचे तो पुलिस ने लड़की को ही यह कहते हुए डाँटा कि “तुम्हें प्यार का भूत चढ़ा है तो भूगतो”। जानकारी के अनुसार लड़का सेहवाज खान लड़की को पिछले दो साल से परेशान कर रहा है। 

पुलिस पर कार्यवाही न करने का आरोप 

इस मामले पर लड़की की दादी ने बताया कि उनकी घर की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है। दूसरों के घर में झाड़ू पोछा कर के घर चलाती हैं। उनका अपनी पोती यानी लड़की से उम्मीद थी कि लड़की पढ़ेगी तो शायद कुछ मदद मिल पाए लेकिन उस लड़के की हरकतों के वजह से लड़की का स्कूल जाना बंद करवा दिया गया है। उनकी दादी का कहना है कि अगर कहीं लड़की कहीं चली जाए या लड़का उसे लेके चले जाए तो हमारी बहुत बदनामी होगी इस कारण स्कूल छुड़वा दिया है। 

“मैं बहुत ही परेशान हो चुकी हूं मैंने उसे समझाया भी है लेकिन वह नहीं मानता इसीलिए मैं पुलिस से यह कहना चाहती हूं कि मेरी लड़की को न्याय दो मेरी लड़की की पढ़ाई भी बंद हो चुकी है और इस लड़के के खिलाफ शिकायत के लिए हम कहां-कहां गए पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अगर हमारी लड़की गायब होती है या फिर इस लड़के के द्वारा कोई गलत काम होता है तो इसका जिम्मेदार पुलिस प्रशासन होगा।” 

इस मामले को लेकर जब छतरपुर जिले के सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायत पुलिस को मिली थी। शिकायत में कहा गया था कि सहवाग नाम का लड़का नाबालिग लड़की को लगातार परेशान कर रहा है। थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है उस मामले में कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। 

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम कई बार लड़के को पकड़ने के लिए गई लेकिन हर बार वह मौके से फरार हो जाता है। जैसे ही लड़के की होने की जानकारी मिलेगी उसे गिरफ़्तार कर पूछताछ की जाएगी और आगे की कार्यवाही की जाएगी।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *