भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह चोट के कारण पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और उन्हें टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है। उनकी जगह जम्मू-कश्मीर के तेज़ गेंदबाज़ औकिब नबी को लिया गया है। इसकी जानकारी बीसीसीआई ने कल 3 अगस्त 2026 को दी। औकिब नबी भारत के लिए टेस्ट मैच खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे।

भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और गेंदबाज औकिब नबी (Auqib Nabi) (फोटो साभार: बीसीसीआई)
हाल ही में बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने में चोटिल हुए थे। जिसकी वजह से बुमराह की गैरमौजूदगी में पुरुषों की चयन समिति ने जम्मू और कश्मीर के तेज़ गेंदबाज़ औकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है। यह औकिब के करियर का पहला मौका है जब उन्हें सीनियर भारतीय टीम में जगह मिली है।
कौन है औकिब नबी
औकिब नबी का पूरा नाम औकिब नबी डार है। उनका जन्म 4 नवंबर 1996 को शीरी (Sheeri), बारामूला, जम्मू-कश्मीर में हुआ। वे एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता गुलाम नबी डार सरकारी स्कूल में अंग्रेजी के शिक्षक हैं। परिवार चाहता था कि औकिब पढ़-लिखकर डॉक्टर बनें, लेकिन उनका मन बचपन से ही क्रिकेट में लगता था। धीरे-धीरे उनकी लगन और मेहनत को देखकर परिवार ने भी उनका पूरा साथ दिया। डीडी स्पोर्ट्स द्वारा लिए गए इंटरव्यू में आप औकिब नबी को सुन सकते हैं। इसका लिंक आपको नीचे दिया गया है।
AUQIB NABI’s SPECIAL INTERVIEW ON DD SPORTS 🔥
– A must watch for Cricket fans about all his hardwork & dedication. pic.twitter.com/U81N8M9ETq
— Gyanu Gautam (@gyanudatt8) August 3, 2026
औकिब ने बचपन में अपने गांव और आसपास के मैदानों में क्रिकेट खेलना शुरू किया। बेहतर सुविधाएं न होने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। कई बार उन्हें अभ्यास और मैच खेलने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। शुरुआती दिनों में उनके पास क्रिकेट के पूरे सामान भी नहीं थे और उन्होंने दोस्तों से स्पाइक्स (क्रिकेट के जूते) उधार लेकर भी मैच खेले। यही संघर्ष आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी ताकत बना।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार क्रिकेट में उनकी रुचि बचपन से ही थी। दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन उनके आदर्श रहे और बाद में उन्होंने जसप्रीत बुमराह की गेंदबाजी से भी काफी प्रेरणा ली। उन्होंने अपनी गेंदबाजी पर लगातार मेहनत की और जम्मू-कश्मीर की घरेलू टीम में जगह बनाई।
क्रिकेट का सफर
वर्ष 2018 में उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी से लिस्ट-ए क्रिकेट में पदार्पण किया, 2019 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में टी20 डेब्यू किया और 2020 में रणजी ट्रॉफी में प्रथम श्रेणी क्रिकेट की शुरुआत की।
घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के दम पर औकिब नबी ने अपनी अलग पहचान बनाई। रणजी ट्रॉफी में लगातार विकेट लेकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद उन्हें आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स से खेलने का अवसर मिला और उनकी तेज गेंदबाजी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। 2025-26 सीज़न के दौरान, उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने ऑक्शन में 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा, जो IPL में उनकी पहली बोली थी।
घरेलू क्रिकेट में औकिब नबी का शानदार प्रदर्शन
औकिब नबी ने घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सीज़न में कुल 104 विकेट हासिल किए, जिसमें 2025-26 सीज़न में 60 विकेट शामिल हैं। उनके बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत जम्मू और कश्मीर ने इतिहास रचते हुए अपनी पहली रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता।
औकिब नबी इंडिया ए टीम का भी थे हिस्सा
हाल ही में औकिब नबी श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया ए टीम का भी हिस्सा थे। वहां उन्होंने दो फर्स्ट-क्लास मुकाबलों में छह विकेट लेकर अपनी गेंदबाज़ी का प्रभाव छोड़ा, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल किए जाने का मौका मिला।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की अपडेटेड टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, विकेटकीपर ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और औकिब नबी
India vs Sri Lanka Test series: भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज कब और कहाँ? जानें पूरा शेड्यूल (Schedule)
बुमराह के न होने से भारतीय टीम चुनौतियों का सामना कर सकती है लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले औकिब नबी के पास इस मौके से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर होगा। अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि युवा तेज़ गेंदबाज़ श्रीलंका के खिलाफ अपने डेब्यू का मौका मिलने पर कैसा प्रदर्शन करते हैं।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’