खबर लहरिया Blog Weather update: 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश की चेतवानी, जानें कैसा रहेगा मौसम

Weather update: 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश की चेतवानी, जानें कैसा रहेगा मौसम

 

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज 7 अप्रैल को लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को इस सप्ताह के दौरान प्रभावित करने की संभावना है। इसकी वजह से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। वहीं राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। उधर पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी का दौर जारी है।

बारिश से बचाव के लिए किसान कटी हुई फसल समेटते हुए (फोटो साभार: खबर लहरिया)

इस समय देशभर में आँधी, तूफान, बारिश का माहौल है। कई राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है वहीं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बिहार, एमपी और यूपी में अभी भी किसानों की फसलें खेतों में पड़ी हुई है। इनमें से कुछ किसानों की फसलें बर्बाद भी हुई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस हफ्ते उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर पड़ने से इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट, 7 और 8 अप्रैल को ओलावृष्टि की चेतवानी

उत्तर प्रदेश में बीते कई दिनों से तेज आँधी, बारिश के साथ ओले भी गिरे। इसके साथ ही कई जगह बिजली गिरने की भी खबर सामने आई। आज 7 अप्रैल को भी यूपी कई हिस्सों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बारिश होगी। मौसम विभाग के मुताबिक़ अगले 48 घंटे पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों के लिए भारी हो सकते हैं। कल 8 अप्रैल को भी पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बादल गरजने, बिजली गिरने और तेज आँधी और बारिश के साथ साथ ओलावृष्टि की सम्भवना है। इसके साथ ही करीब 50 जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओले गिरने की सम्भवना है। यूपी के मौसम का ताजा हाल जानने के लिए आप https://mausam.imd.gov.in/lucknow/mcdata/state.pdf इस लिंक पर जाकर देख सकते हैं।

एबीपी न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक यूपी में आज आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, इटावा, औरेया और जालौन में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका हैं।

बिहार का मौसम अपडेट

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाओं के असर से मौसम बिगड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग, पटना के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों में गरज चमक के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस वजह से किसानों को भी सलाह दी गई है कि वह अपनी फसलों की कटाई कर ले और किसी सुरक्षित जगह रख लें। यदि खेत में कटी फसल है तो उसे अच्छी तरह ढक दें ताकि ओलावृष्टि से बचाया जा सके।

8 और 9 अप्रैल को बारिश और ओलावृष्टि

बिहार के कई जिलों में 8 और 9 अप्रैल को तेज बारिश, गरज चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। 8 अप्रैल को 11 जिलों में जिनमें पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, किशनगंज समेत कई जिले शामिल हैं। 9 अप्रैल को मधुबनी, दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया समेत 18 जिलों में येलो अर्लट जारी किया गया है।

मध्य प्रदेश मौसम अपडेट

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग भोपाल के अनुसार 7 से 9 अप्रैल तक विशेष अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश के विदिशा, राजगढ़, रतलाम, ग्वालियर समेत कहीं कहीं बारिश और बादल गरजने की संभावना है। आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के ताजा मौसम की जानकारी के लिए आप https://mausam.imd.gov.in/bhopal/mcdata/dwr.pdf इस लिंक पर जाकर देख सकते हैं।

दिल्ली मौसम अपडेट

दिल्ली में भी कई दिनों से बारिश के साथ गरज चमक देखने को मिली। कल 6 अप्रैल को रात में बारिश हुई थी। आज 7 अप्रैल को भी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है और दिन भर तेज हवाएं और गरज चमक के साथ आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कल 8 अप्रैल को भी तेज गरज चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। दिल्ली के ताजा मौसम की जानकारी के लिए आप https://mausam.imd.gov.in/newdelhi/mcdata/delhi_forecast.pdf पर जाकर देख सकते हैं।

बदलते मौसम का असर पहाड़ी इलाकों में भी साफ़ तौर पर दिख रहा है। कश्मीर घाटी में 7 अप्रैल को और हिमाचल प्रदेश में 8 अप्रैल को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।वहीं मध्य भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण के हिस्सों में 9 अप्रैल तक गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 6 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना है।

 

‘यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *