खबर लहरिया Blog UP Elections 2022 : स्वामी प्रसाद मौर्य की सीट बदली, अब फाजिलनगर की विधानसभा लड़ेंगे चुनाव

UP Elections 2022 : स्वामी प्रसाद मौर्य की सीट बदली, अब फाजिलनगर की विधानसभा लड़ेंगे चुनाव

स्वामी प्रसाद मौर्या अब कुशीनगर की फाजिलनगर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पहले वह पडरौना विधानसभा सीट से लड़ने वाले थे।

क्रेडिट – abp live

UP Assembly Elections 2022: सीएम योगी सरकार में मंत्री रहे और समाजवादी पार्टी में हाल ही में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्या की सीट जानकारी के अनुसार अब बदल दी गई है। स्वामी प्रसाद मौर्या अब कुशीनगर की फाजिलनगर से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पहले वह पडरौना विधानसभा सीट से लड़ने वाले थे। सरोजिनी नगर से अभिषेक मिश्रा और कौशाम्बी के सिराथू से पल्लवी पटेल को टिकट दिया गया है।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : सपा ने 10 प्रत्याशियों की लिस्ट की ज़ारी, बीएसपी के नामी नेता भी सपा में हुए शामिल

मौर्य के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल

स्वामी प्रसाद मौर्या ने हाल ही में बीजेपी को छोड़ सपा का हाथ थामा है। अभिषेक मिश्रा पूर्व मंत्री हैं और पल्लवी पटेल अपना दल (के) की नेता हैं। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने पल्लवी पटेल को उतारा है। पल्लवी पटेल अनुप्रिया पटेल की छोटी बहन हैं। अभिषेक मिश्रा लखनऊ की सरोजिनी नगर से बीजेपी के राजेश्वर सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

मौर्य की सीट क्यों बदली गयी?

आपको बता दें कि साल 2017 के विधानसभा चुनाव में मौर्या बीजेपी के टिकट पर पडरौन से चुनाव लड़े थे और जीत भी हासिल की थी। जानकारी यह है कि मौर्या पडरौना विधानसभा सीट से इसलिए चुनाव नहीं लड़ेंगे क्योंकि बीजेपी में शामिल होने के बाद आरपीएन सिंह का इस सीट से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। तो क्या सीट बदलने की वजह डर कही जाए?

आरपीएन सिंह कांग्रेस में रहते हुए वर्ष 1996 से लेकर वर्ष 2009 तक 3 बार पडरौना से विधायक रह चुके हैं और 2009 के लोकसभा चुनाव में कुशीनगर से जीतकर यूपीए-2 सरकार में सड़क, परिवहन, पेट्रोलियम के साथ गृह राज्य मंत्री भी रहे हैं। वर्ष 2009 में वहीं उन्होंने इस सीट पर स्वामी प्रसाद मौर्या को ही हराया था, तब मौर्य बीएसपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे।

ये भी देखें – UP Election 2022 : सपा ने 59 और उम्मीदवारों के नाम किये घोषित, बीजेपी से सपा में आये दारा सिंह को भी मिली टिकट

मौर्य ने आरपीएन सिंह पर कसा ताना

जब स्वामी प्रसाद मौर्य से पूछा गया कि बीजेपी ने अगर आरपीएन सिंह को उनके खिलाफ पडरौना विधानसभा सीट से मैदान में उतारा, तो क्या उनके लिए बड़ा खतरा होगा? इस पर मौर्य ने जवाब देते हुए कहा, “आरपीएन सिंह राज महल में पैदा हुए हैं और आम जनता से उनका कोई लेना देना नहीं है। अगर वहां से वह किसी आम कार्यकर्ता को भी सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा दें, तो वह आरपीएन सिंह को हरा देगा।”

10 मार्च को आएंगे यूपी चुनाव के नतीजे

बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए सात चरणों में मतदान 10 फरवरी से शुरू होगा। यूपी में सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 फरवरी और 3 और 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

ये भी देखें – UP Elections 2022 : आप पार्टी ने 20 प्रत्याशियों की लिस्ट की ज़ारी, कहा जीतें तो मुफ़्त होगी बिजली

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)