खबर लहरिया क्राइम बाँदा : ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट, कब होगी सुनवाई?

बाँदा : ससुराल वालों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट, कब होगी सुनवाई?

बाँदा जिला, तहसील पैलानी, जसपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक गांव की रहने वाली महिला को जब न्याय नहीं मिला तो उसने पैलानी एसडीएम की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई। आपको बता दें कि पूरा मामला जसपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गाँव बरेहटा का है। पीड़िता मैना देवी ने उप जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि बरेहटा गाँव में उसकी शादी 7 साल पहले हुई थी। उसका पति श्यामू, सास सेमिया, देवर राजेश, देवरानी कविता आदि लोग आये दिन उसके साथ गाली-गलौच करते और उसे जान से मारने की धमकी देते थे।

महिला ने आगे बताया कि 8 दिसंबर 2021 की रात 1 बजे उसके पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे इतना मारा की वह बेहोश हो गयी। जिसके बाद उसने जसपुरा थाने में शिकायत की लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं हुई।

ये भी देखें – महोबा : गर्भवती महिला के साथ ससुराल वालें कर रहे मारपीट

महिला के पति श्यामू निषाद का कहना था कि उसकी पत्नी सही ढंग से नहीं रहती थी इसलिए उसे मारा जाता था ताकि वह सही ढंग रहे और चले। अब वो थाना-अदालत कर रही है इससे पति-पत्नी में विवाद बढ़ जाएगा। दोनों के बीच का प्रेम खत्म हो जाएगा। उसे जो करना है वो करे। उसे दर-दर भटकना पड़ेगा और वह भटकती ही रहेगी।

मामले को लेकर उप जिला अधिकारी सुरभि शर्मा का कहना था कि उन्होंने मामले को लेकर थाने वालों को आदेश कर दिया गया है। केस को लेकर के कार्यवाही की जायेगी। अगर नहीं होती तो वह खुद इसकी जाँच करेंगी।

जसपुरा थाने के एस.ओ राजेश कुमार यादव का कहना था कि महिला के ससुराल वालों के घर पर 100 नंबर भेजा गया था लेकिन सब लोग भाग गए। जैसे पकड़ में आएंगे वैसे ही कार्यवाही की जायेगी।

ये भी देखें – बांदा: महिला का आरोप, पड़ोसी ने किया बलात्कार। नहीं हो रही कार्यवाही

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)