रुबीना मध्य प्रदेश के पन्ना जिला के छोटे से गांव अमरावन की रहने वाली है। रुबीना का बचपन जंगल में बीता लेकिन 2015 में विस्थापन की वजह से उसे जंगल से दूर होना पड़ा। आज वह अपने बचपन और जंगल से जुडी कहानियों और यादों को याद करती है। रुबीना का यह अनुभव जंगल के साथ जुड़ाव को दिखाता है। विस्थापन होने और जंगल से दूर होने पर रुबीना अपने जीवन को अधूरा महसूस करती है। रुबीना ने अपने बचपन के कुछ हिस्सों और यादों को शब्दों में उतारा।
रुबीना कहती हैं “हमारे गांव के पास जंगल था और बचपन में जंगल हमारे लिए कोई अलग जगह नहीं थी। वह हमारी जिंदगी का ही हिस्सा था। मुझे आज भी अपनी मम्मी के साथ जंगल जाना याद है। हम महुआ बीनने जाते थे। हाथ में टोकरी होती थी और जंगल में घूमते हुए महुआ बीनते थे। घर की जिम्मेदारियों में मम्मी का हाथ बंटाते हुए जंगल जाना मेरे बचपन की रोज़मर्रा की जिंदगी का हिस्सा था।
मैंने कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई गांव में ही की। पढ़ाई के साथ घर के काम भी करती थी और जब मौका मिलता, सहेलियों के साथ जंगल चली जाती थी। हम वहां बैठते, बातें करते, हंसते और खेलते थे। पेड़ों की छांव में बैठना और उनके नीचे घंटों बातें करना आज भी याद है। कभी झूला झूलते थे, कभी बस जंगल में घूमते रहते थे।
जंगल में मुझे सबसे अच्छा पेड़-पौधों के बीच बैठना और ठंडी हवा महसूस करना लगता था। बारिश के दिनों में जंगल का नज़ारा और भी अच्छा लगता था। चारों तरफ हरियाली, पेड़ों के बीच की आवाज़ें और पानी गिरने के बाद का माहौल मन को बहुत अच्छा लगता था।
मुझे पक्षियों में मोर सबसे ज्यादा पसंद था। जंगल में मोर दिखाई देता तो उसे देखते रहना अच्छा लगता था। उस समय शायद हमें पता भी नहीं था कि इन छोटी-छोटी चीज़ों की कितनी बड़ी याद हमारे साथ रह जाएगी।
विस्थापन की वजह से अब मैं जंगल से थोड़ी दूर चली गई हूं। विस्थापन 2015 में हुआ, हमें जंगल छोड़ना पड़ा क्योंकि वहां एक पार्क बनाया जा रहा था। मुझे याद है पहले जैसे रोज़ जंगल जाना, मम्मी के साथ महुआ बीनना, सहेलियों के साथ पेड़ों के नीचे बैठना और घूमना-फिरना अब नहीं होता। सहेलियां भी अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गई हैं। साथ बैठना, खेलना और घंटों बातें करना अब पहले जैसा नहीं रहा।
लेकिन जब जंगल की याद आती है, तो बचपन की बहुत सारी तस्वीरें एक साथ सामने आ जाती हैं। मम्मी के साथ महुआ बीनना, सहेलियों के साथ जंगल जाना, पेड़ों की छांव में बैठना, ठंडी हवा महसूस करना और मोर को देखना।
आज मैं जंगल से थोड़ी दूर हूं, लेकिन मेरा बचपन वहीं है। अमरावन के उस जंगल में बीता हुआ बचपन मेरी यादों का ऐसा हिस्सा है, जिससे मैं आज भी खुद को जुड़ा हुआ महसूस करती हूं।
जंगल मेरे लिए सिर्फ पेड़-पौधों की जगह नहीं था। वह मेरे परिवार के साथ बिताया समय था, मेरी सहेलियों के साथ बिताए दिन थे और मेरे बचपन की बहुत सारी खुशियां थीं। इसलिए आज जब जंगल से दूर हूं, तो सिर्फ जंगल की नहीं, अपने उस बचपन की भी याद आती है।
चम्बल एकेडमी फेलो – रुबीना / लेखन
एडिट – सुचित्रा
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

