खबर लहरिया Blog MP/ Chhatarpur: 2 साल की बच्ची को लेकर घर से निकली महिला लापता  

MP/ Chhatarpur: 2 साल की बच्ची को लेकर घर से निकली महिला लापता  

       

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के कांटी गांव से एक महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। गांव में रहने वाली 29 वर्षीय संजना अहिरवार 30 मार्च 2026 दिन सोमवार की सुबह करीब 10 बजे अपनी 2 साल की बेटी रुचि अहिरवार को इलाज के लिए गांव के स्वास्थ्य केंद्र लेकर घर से निकली थीं।

रिपोर्ट – अलीमा, लेखन – रचना 

लापता महिला संजना अहिरवार की तस्वीर (फोटो साभार: अलीमा)

परिवार के मुताबिक बच्ची को पिछले तीन दिनों से बुखार आ रहा था इसलिए संजना ने घरवालों से कहा कि वह बच्ची को अस्पताल दिखाकर थोड़ी देर में वापस आ जाएंगी लेकिन वह स्वास्थ्य केंद्र से बच्ची को लेकर निकलीं और उसके बाद घर नहीं पहुंचीं। 

शाम तक जब संजना घर नहीं लौटीं तो परिवार को चिंता हुई। उनके पति मूलचंद अहिरवार जब घर पहुंचे और पत्नी के बारे में पूछा तब पता चला कि वह सुबह अस्पताल जाने के बाद से वापस नहीं आई हैं। इसके बाद परिवार ने आसपास काफी तलाश की लोगों से पूछताछ की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

परिवार ने पुलिस से लगाई गुहार 

संजना के लापता होने के बाद परिवार ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पति मूलचंद का आरोप है कि पुलिस की ओर से सिर्फ यह कहा जा रहा है कि खोजबीन की जा रही है लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। इसी वजह से वह मामले की शिकायत लेकर कल यानी 29 अप्रैल 2026 को एसपी कार्यालय भी पहुंचे।               

पुलिस थाने में दिया आवेदन (फोटो साभार: अलीमा)

मूलचंद ने बताया कि उनकी पांच बेटियां हैं और पत्नी के अचानक गायब होने से बच्चों की देखभाल और परिवार की जिम्मेदारी को लेकर चिंता और बढ़ गई है। वहीं संजना की सास भगुन्तिया अहिरवार ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई वह बकरी चराने गई थीं और बहू को घर पर छोड़कर गई थीं। जब वह दोपहर करीब 3 बजे वापस लौटीं तो उनकी 13 साल की बड़ी नातिन खुशी ने बताया कि मां अभी तक अस्पताल से वापस नहीं आई हैं। इसके बाद परिवार ने संजना को ढूंढने की कोशिश शुरू की और बेटे को फोन लगाया लेकिन उसका फोन बंद मिला। 

पड़ोसियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई मगर कोई जानकारी नहीं मिली। बता दें संजना अहिरवार की सास का कहना है कि संजना इंस्टाग्राम पर काफी रील बनाती थीं इसलिए उन्हें शक है कि वह किसी के साथ चली गई हो सकती हैं। 

मायके पक्ष ने जताई साजिश की आशंका

संजना की चाची वंदना अहिरवार ने बताया कि संजना के माता-पिता की मौत कई साल पहले झारखंड में एक हादसे में हो गई थी। इसके बाद उन्होंने ही संजना की परवरिश की। उनका कहना है कि संजना बिना बताए कहीं जाने वाली नहीं थी इसलिए उन्हें शक है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। मायके पक्ष इसे अपहरण या किसी साजिश का मामला मान रहा है।

संजना की पांच बेटियां हैं। उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर पति कभी-कभी ताना देता था कि वह एक बेटा पैदा नहीं कर सकी। हालांकि गायब होने के एक दिन पहले जब उनकी बात संजना से हुई तब उसने किसी झगड़े या परेशानी का जिक्र नहीं किया। उसने सिर्फ इतना कहा था कि बेटी की तबीयत खराब है और अगले दिन उसे अस्पताल दिखाने जाएगी।     

पूरा परिवार पहुंचे थाने (फोटो साभार: अलीमा)                      

इंस्टाग्राम को लेकर घर में होता था विवाद

चाची के मुताबिक संजना इंस्टाग्राम चलाती थी और रील बनाती थी जो उसके ससुराल वालों को पसंद नहीं था। इस बात को लेकर घर में कई बार विवाद होता था। चाची का आरोप है कि पति कभी-कभी उसके साथ मारपीट भी करता था। अब संजना के अचानक गायब होने के बाद मायके पक्ष ने उसके लापता होने में ससुराल वालों पर शक जताया है।

पुलिस जांच में जुटी

संजना अहिरवार के लापता होने के मामले में परिवार ने बीते कल यानी 29 अप्रैल, को फिर से एसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और जल्द कार्रवाई की मांग की। इस मामले में एसपी आदित्य पटेल ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है साथ ही महिला के मोबाइल फोन की लोकेशन और कॉल डिटेल्स भी खंगाली जा रही हैं ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके। पुलिस का कहना है कि जैसे ही कोई अहम जानकारी सामने आएगी उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और महिला को जल्द तलाशने की कोशिश की जा रही है।

छतरपुर पुलिस थाना: (फोटो साभार: अलीमा)                                     

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *