वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को एयर शो आयोजित किया जा रहा है। इसकी तैयारियों पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च होने की बात कही जा रही है। आयोजन में 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। प्रशासन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद है। कई रास्तों पर रोक लगाई गई है और दुकानों के कारोबार पर भी असर पड़ा है।
रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – मीरा देवी
ऐसे में सवाल है कि इस आयोजन से आम जनता को क्या फायदा हो रहा है? क्या लोग इस शो से खुश हैं? आइए सीधे उन्हीं लोगों से बात करते हैं जिनकी रोजी-रोटी पर इसका असर पड़ रहा है।
भोला राजभर, दूध कारोबारी
भोला राजभर का कहना है कि एयर शो हो रहा है लेकिन हम लोगों को इससे क्या फायदा? नुकसान तो हमारा हो रहा है। पंचकोशी की दूध मंडी में आसपास के गांवों से 300 से ज्यादा दूध कारोबारी आते हैं। किसी के पास एक कुंतल तो किसी के पास दो से ढाई कुंतल दूध होता है। मंडी बंद नहीं है लेकिन रास्तों पर रोक और आसपास की दुकानों के बंद होने से दूध बिक नहीं रहा है। 22 अक्टूबर मतलब पहले दिन ही 3 से 4 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दूध जल्दी खराब हो जाता है। इसे बेचकर ही पशुओं के लिए भूसा और चारा खरीदते हैं। अब कमाई नहीं होगी तो पशुओं को क्या खिलाएंगे?सरकार जनता के पैसे से इतना बड़ा आयोजन कर रही है। दूसरी तरफ जनता को अपना रोजगार भी नहीं करने दिया जा रहा। इससे फायदा किसे हो रहा है? आम जनता तो हर तरफ से नुकसान उठा रही है।
बबलू पहलवान यादव, दूध कारोबारी
बबलू पहलवान यादव कहते हैं कि आशापुर से नमो घाट तक रास्ता बंद कर दिया गया है। पंचकोशी से कोटवा जाने वाले रास्तों पर भी रोक है। गलियों में पुलिस तैनात है। ऐसे में लोग निकलें तो कहां से निकलें? हमारी दूध मंडी सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे तक चलती है। यहां से दूध की सप्लाई होती है। आसपास की मिठाई और चाय की दुकानें बंद हैं तो दूध खरीदेगा कौन? दूध का कारोबार रोज की कमाई पर चलता है। दो दिन और यही हाल रहा तो हमारा नुकसान और बढ़ जाएगा। प्रशासन को रास्ते बंद करने की जानकारी पहले से देनी चाहिए थी। हम अपनी परेशानी किससे कहें? इतनी कड़ी सुरक्षा है कि लोग अपनी बात रखने से भी डर रहे हैं। इस आयोजन में सबसे ज्यादा परेशानी हम जैसे छोटे कारोबारियों को हो रही है।
पवन, दुकानदार
पवन का कहना है कि दुकानें बंद हैं और ग्राहक नहीं आ रहे। ऐसे में हम दूध खरीदकर क्या करेंगे? दूध दो दिन तक भी नहीं टिकता। खरीदने के बाद उसे बेच नहीं पाए तो नुकसान हमारा ही होगा। यह परेशानी सिर्फ एक दिन की नहीं है। शहर में जब भी कोई बड़ा कार्यक्रम होता है तो हमारी रोजी-रोटी पर असर पड़ता है। हम रोज कमाकर खाने वाले लोग हैं। कारोबार बंद होने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो जाता है।
संजय, ऑटो चालक
संजय बताते हैं कि आज उन्हें ऑटो का 500 रुपये किराया हर रोज लगता है और आज भी जमा करना है। कमाई नहीं हुई तो पैसा जेब से देना पड़ेगा। घर का खर्च अलग है और ऑटो का किराया अलग। रास्ते में हर तरफ रोक-टोक है। कहीं जाने पर मना किया जाता है तो कहीं चालान का डर रहता है। किसी बड़े आयोजन के समय रास्ते बंद होने से 5 से 6 किलोमीटर तक घूमकर जाना पड़ता है। एक दिन की कमाई का नुकसान पूरा करने में चार दिन लग जाते हैं। घर में कोई बीमार पड़ जाए तो उसके इलाज के लिए भी पैसे चाहिए। सरकार बड़े आयोजनों पर पैसा खर्च करती है और प्रशासन की व्यवस्था भी लगती है। दूसरी तरफ हम लोगों के लिए रोजी-रोटी कमाना मुश्किल हो जाता है। हमारी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है।
सुनीता, यात्री
गाजीपुर से चंदौली जा रहीं सुनीता बताती हैं कि रास्ते में ऑटो बंद हैं। कुछ ऑटो थोड़ी दूर तक जा रहे हैं तो किराया भी 10 रुपये तक बढ़ा दिया गया है। ऐसे में लोग जाएं तो कहां जाएं? कई लोगों को छोटे बच्चों के साथ 4 से 5 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। सरकार कोई कार्यक्रम करती है तो जनता की सुविधा का भी ध्यान रखना चाहिए। दुकानें बंद हैं। आने-जाने में परेशानी है। लोगों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। आसमान में हवाई जहाज उड़ाने से आम लोगों को क्या मिलेगा? इसकी जगह कोई फैक्ट्री बनाई जाती तो मजदूरों को काम मिलता और परिवारों की कमाई होती। बड़े आयोजन दिखाने के लिए तो बहुत कुछ करते हैं लेकिन इसके पीछे जनता कितनी परेशानी झेल रही है इसे कोई नहीं देख रहा।
अब ऐसे में सवाल है कि एयर शो के लिए पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने लोगों से तय रास्तों और पार्किंग का इस्तेमाल करने की अपील भी की है लेकिन इन इंतजामों के बीच दूध कारोबारी, दुकानदार, ऑटो चालक और यात्री अपनी परेशानी बता रहे हैं। उनका कहना है कि रास्तों पर रोक के कारण कमाई बंद हो गई है और आने-जाने में मुश्किल हो रही है।
सवाल यह भी है कि इतने बड़े आयोजन की तैयारी करते समय रोज कमाकर खाने वाले लोगों के नुकसान का हिसाब किसने लगाया? उनकी भरपाई कौन करेगा? क्या किसी बड़े आयोजन की सफलता में आम जनता की सुविधा और रोजी-रोटी को भी उतनी ही अहमियत मिलेगी?
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
