चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि 31 अक्टूबर को गांव के व्यक्ति रामगणेश यादव ने लड़की के घर के दरवाजे से लड़की का हाथ पकड़कर जबरन ले जाने की कोशिश की। शिकायतकर्ता के शोर मचाने पर उसकी मां और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने रामगणेश को पकड़ लिया और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ उसी दिन 31 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कर ली गई।
हालांकि परिवार का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 3 जुलाई 2026 की रात भी लड़की अचानक घर से लापता हो गई थी। सामाजिक बदनामी के डर से शुरुआत में उन्होंने किसी रिश्तेदार या गांव के लोगों से इस बारे में बात नहीं की। बाद में पहाड़ी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी।
परिवार का आरोप है कि पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद 7 जुलाई को रामगणेश लड़की को पहाड़ी थाने लेकर पहुंचा था। लड़की ने बताया कि 3 जुलाई को जब वह छत पर सो रही थी, तब रामगणेश उसे वहां से ले गया था। उसने चार दिन तक अपने पास रखा और इस दौरान बारह बार उसके साथ बलात्कार किया। लड़की ने बताया, रामगणेश ने उसे जान से मारने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी डर के कारण उसने उस समय पुलिस के सामने रामगणेश के खिलाफ कुछ नहीं कहा और अपने बयान में अपनी मर्जी से जाने की बात कही थी।
परिवार का कहना है कि 31 अक्टूबर की घटना के बाद उन्होंने दोबारा पुलिस में शिकायत की। लेकिन कार्रवाई से संतुष्ट नहीं होने पर 11 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र देने पहुंचे। परिवार का आरोप है कि आरोपी की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं और खेत आते-जाते भी डर बना रहता है।
चोरी के आरोप को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद
गांव में रामगणेश के परिवार की ओर से उसकी भतीजी ने बताया कि करीब छह महीने पहले वह ससुराल से मायके आई थी। उसके जेवर चोरी हो गए थे। इस मामले में उसने गांव के कुछ लोगों और लड़की के भाइयों पर शक जताते हुए शिकायत की थी। भतीजी का आरोप है कि इसी विवाद के चलते लड़की के परिवार ने रामगणेश पर झूठे आरोप लगाए हैं।
भतीजी ने बताया 31 अक्टूबर को उसके बड़े पापा खेत जा रहे थे। इसी दौरान लड़की के परिवार के लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस बुला ली। उसका कहना है कि चोरी के मामले में जिन लोगों पर शक जताया गया था, उनमें लड़की के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं। इसलिए झूठा आरोप लगाया है।
गांव के लोगों की अलग-अलग बातें अलग-अलग राय
दोनों परिवारों के बीच विवाद की बात सामने आने के बाद गांव में उन लोगों से भी बात की गई, जिन पर चोरी का आरोप लगाया गया था। करीब 70 वर्षीय बाऊवा ने आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि इस उम्र में और कैंसर की बीमारी से परेशान होने के बावजूद उन पर चोरी का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लड़की के दोनों भाइयों पर भी चोरी का शक जताया गया है, जबकि वे गांव में नहीं रहते।
वहीं, गांव के कुछ अन्य लोगों ने भी चोरी के आरोपों को गलत बताया। हालांकि, गांव के कुछ महिला और पुरुषों ने नाम न देने की शर्त पर अलग-अलग बातें कहीं। कुछ लोग लड़की के आरोपों को सही बता रहे थे तो कुछ रामगणेश के परिवार का पक्ष ले रहे थे।
गांव में दोनों पक्षों की बातें सुनने पर सामने आया कि उनके बीच पहले से चोरी को लेकर विवाद है। लेकिन इस विवाद की वजह से लड़की की शिकायत को गलत नहीं माना जा सकता। इसी तरह केवल शिकायत दर्ज होने से आरोपी को दोषी भी नहीं ठहराया जा सकता। जुलाई में हुई बताई जा रही घटना, उस समय लड़की के दिए गए बयान और अब लगाए गए आरोपों की जांच जरूरी है।
पुलिस की जांच पर टिकी आगे की कार्रवाई
पहाड़ी थाना पुलिस ने रामगणेश यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 333 और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, धारा 74 महिला के साथ अभद्रता के इरादे से हमला या आपराधिक बल प्रयोग, धारा 333 तैयारी के साथ घर में घुसने और धारा 115(2) जानबूझकर चोट पहुंचाने से संबंधित है।
पहाड़ी थाना प्रभारी विवेक कुमार सिंह का कहना है कि वह अभी नए आए हैं, इसलिए उन्हें इस मामले की पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड में भी देखा, लेकिन रामगणेश के खिलाफ कोई दूसरी रिपोर्ट दर्ज नहीं मिली। न ही रामगनेश की तरफ से चोरी की कोई रिपोर्ट दर्ज मिली उनका कहना है कि लड़की के 164 के बयान हो चुके हैं। बयान की कॉपी मिलने के बाद वह मामले को ठीक से समझकर आगे की कार्रवाई जल्द करेंगे।
फिलहाल, जुलाई में हुए कथित बलात्कार के आरोप और 31 अक्टूबर को घर में घुसकर जबरन ले जाने की कोशिश के मामले में पुलिस की जांच से ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट व लेखन – नाज़नी
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’


