खबर लहरिया Hindi Anganwadi Workers Protest in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, थाली बजाकर और काली साड़ी पहनकर जताया विरोध, जानें क्या है मांग 

Anganwadi Workers Protest in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, थाली बजाकर और काली साड़ी पहनकर जताया विरोध, जानें क्या है मांग 

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आई हैं। कहीं थाली बजाकर विरोध जताया जा रहा है, तो कहीं रैली निकालकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जा रहा है। 17 नवंबर से शुरू हुआ तीन दिवसीय राज्यव्यापी प्रदर्शन 19 नवंबर को अंतिम दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी काली साड़ी और काला चश्मा पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध जता रही हैं।

Anganwadi Workers Protest in Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका ताली बजाकर विरोध किया (फोटो साभार: खबर लहरिया)

छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का अपनी मांगों को लेकर आंदोलन तेज होता जा रहा है। जांजगीर-चांपा जिले के कचहरी चौक पर तीन दिवसीय धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले 3 हजार से अधिक कार्यकर्ता और सहायिकाएं 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। इस दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पर भी निशाना साधा गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो सरकार को सत्ता परिवर्तन का सामना करना पड़ सकता है।

छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका कल्याण संघ के नेतृत्व में प्रदेशभर में यह आंदोलन किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में वे अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने को मजबूर हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का छत्तीसगढ़ के कई जिलों में प्रदर्शन 

प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यकर्ता धरना, रैली, थाली बजाकर प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के जरिए अपनी मांगें उठा रही हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं जांजगीर-चांपा जिले, बेमेतरा, कोंडागांव, धमतरी, जनकपुर कांकरे, बस्तर समेत अन्य जिलों में बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रही है। जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर शहर में स्थित कचहरी चौक पर करीब ढाई हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 10 सूत्रीय मांगों को लेकर तीन दिवसीय धरना दे रही हैं। वहीं कोंडागांव जिले में 17 नवंबर से डीएनके मैदान में तीन दिवसीय धरना शुरू किया गया। आज 19 नवंबर को धरना स्थल से अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तक रैली निकालने की तैयारी है। धमतरी में भी करीब 2,200 कार्यकर्ता और सहायिकाएं 17 से 19 नवंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं। आज गांधी मैदान में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। 

कांकेर (पखांजूर), बस्तर और पखांजूर सहित अन्य क्षेत्रों में भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं रैली, धरना और ज्ञापन के जरिए विरोध जता रही हैं। 

Anganwadi Workers Protest in Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका धरने पर बैठी हुई (फोटो साभार: खबर लहरिया)

कम मानदेय और बढ़ते काम से नाराजगी

धरना दे रही कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे लंबे समय से विभाग की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया है। कम मानदेय में लगातार बढ़ते काम और जिम्मेदारियों के कारण उनमें नाराजगी है। कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांग है कि उन्हें नियमित किया जाए और हर महीने 30 हजार रुपये मानदेय दिया जाए।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की मांग 

इस धरने के पीछे का कारण मासिक मानदेय हैं जिसे वह बढ़ाने की मांग कर रही हैं। कार्यकर्ता और सहायिकाओं का कहना है कि उनकी नौकरी पक्की और स्थायी की जाए, साथ ही 30 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जाए। इसके अलावा पर्यवेक्षक के रिक्त पदों पर 50 प्रतिशत पदोन्नति, सहायिकाओं को शत-प्रतिशत कार्यकर्ता पद पर पदोन्नत करने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये देने की मांग की गई है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीरा ने मीडिया से बात करते हुए सरकार के सामने अपनी मांगें रखी हैं।

उन्होंने कहा है कि अगर शासन उनकी बात नहीं मानता है, तो वो अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगी। हमारी पहली मांग है नियमितीकरण किया जाए। 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मीरा कहती हैं “सबसे पहली मांग है कि कार्यकर्ता और सहायिका को नियमित (परमानेंट) किया जाए। नियमित होने तक 30 लाख मानदेय दिया जाए। आयु सीमा में छूट देकर कार्यकर्ता को सुपरवाइजर के पद पर शत-प्रतिशत (100%) तत्काल भर्ती लिया जाए। आयु सीमा को जब तक नियमितीकरण नहीं होता, तब तक कार्यकर्ता-सहायिका को 30 लाख मानदेय दिया जाए। सहायिका को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत (100%) पदोन्नति दी जाए। सेवा समाप्त होने के बाद कार्यकर्ता-सहायिका को 10 लाख रुपये एकमुश्त राशि दी जाए।”

उन्होंने ये भी कहा “क्योंकि बुढ़ापे में हम जाएंगे कहाँ? 50 हजार, 25 हजार दे देते हैं, वो भी पर्याप्त नहीं रहता। जाने के बाद हम बच्चों को क्या मुँह दिखाएंगे कि हम 65 साल सेवा काल अपनी महिला बाल विकास में दे रहे हैं। काम का बोझ इतना बढ़ रहा है कि बहुत ज्यादा ही हो रहा है। इसलिए अगर हमारी मांग पूरी नहीं होती, तो हम आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल में चले जाएंगे।”

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने दी चेतावनी 

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लेती है, तो 11 और 12 दिसंबर 2026 को प्रदेश स्तर पर दो दिवसीय महापड़ाव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।

सरकार को सत्ता परिवर्तन की चेतावनी

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया तो सरकार को भी सत्ता से बाहर होना पड़ सकता है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता की नाराजगी सत्ता परिवर्तन का कारण बन सकती है। प्रदर्शनकारियों के इस बयान से आंदोलन के तेवर और तीखे हो गए हैं।

धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं (फोटो साभार: खबर लहरिया)

प्रदेश भर में जारी इस आंदोलन के जरिए कार्यकर्ता सरकार से अपने मानदेय, नौकरी की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं की मांग कर रही हैं। अब देखना होगा कि तीन दिवसीय प्रदर्शन के बाद सरकार उनकी मांगों पर क्या कदम उठाती है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our   premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *