यूपी में बाँदा जिले के चिल्ला थाना क्षेत्र में 13 साल की लड़की के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की का पिता लंबे समय से अपनी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। 15 नवंबर 2026 को फिर से लड़की के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। इसकी जानकारी लड़की ने फोन कर अपने मामा को दी। इसके बाद आरोपी पिता को 16 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
खबर लहरिया की रिपोर्ट में सामने आया कि लड़की की मां की मौत हो चुकी है। शिकायतकर्ता अपने पिता के साथ रह रही थी। परिवार में दो लड़के और दो लड़कियां हैं। बताया जा रहा है कि बड़ा बेटा मजदूरी करने के लिए दूसरे प्रदेश चला गया था। ऐसे में लड़की घर में अपने पिता के साथ रहती थी।
पिता ने दी थी धमकी
लड़की ने अपने मामा को बताया कि उसका पिता लंबे समय से उसका यौन शोषण कर रहा था। वह विरोध करती तो उसे जान से मारने की धमकी देता था। इसी डर के कारण उसने पहले किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। मोहल्ले के कुछ लोगों को पिता पर शक था। लेकिन डर के चलते कोई कार्रवाई के लिए तैयार नहीं था।
हाल ही में 15 नवंबर की रात पिता ने फिर से किशोरी के साथ जबरदस्ती की। इसके बाद अगले दिन उसने फोन के जरिए अपने मामा को पूरी घटना बताई। भांजी की बात सुनकर मामा चिल्ला थाने पहुंचे।
आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना प्रभारी राकेश मौर्य ने शिकायत मिलने के बाद सोमवार 16 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे मुकदमा दर्ज किया और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट – शिव देवी, लेखन – सुचित्रा
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’
