खबर लहरिया खेल साइना ने जीता मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट

साइना ने जीता मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट

साभार: साइना नेहवाल/ट्विटर

साइना नेहवाल ने मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। फाइनल में उन्होंने थाईलैंड की शटलर पोर्नपवी चोचुवोंग को 22-20 और 22-20 से हराया। साइना पिछले साल से लगातार चोट से जूझ रही थीं। रियो ओलिंपिक 2016 के बाद उनकी औपरेशन भी हुई था, और काफी आलोचना का भी सामना करना पड़ा था। पर इस जीत से उन्होंने सब को शांत कर दिया है।
सायना और पॉर्नपावी की आपस में यह पहली भिड़ंत थी। 18 साल की इस खिलाड़ी के सामने टॉप खिलाड़ी सायना को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। लेकिन 46 मिनट चले इस मुकाबले में साइना ने जीत दर्ज की। यह सायना का 23वां खिताब है और पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद यह उनकी पहली खिताबी जीत है।
26 साल की सायना विश्व में नंबर दस पर हैं। जबकि थाई प्रतिद्वंद्वी विश्व में नंबर 67 पर हैं। पहले खेल में सायना लगातार पीछे थीं। पहले चार अंक लेकर थाई खिलाड़ी ने बढ़त बनाई। एक समय वह 11-5 से आगे थीं। सायना ने बढ़त कम करते हुए स्कोर 10-13 किया। 19-19 से स्कोर बराबर हुआ। इसके बाद चोचुवोंग दबाव नहीं झेल पाईं।
दूसरे खेल में एक बार फिर चोचुवोंग ने बढ़त ली। वह 3-0 से आगे हो गईं। लेकिन इस बार सायना ने जल्दी ही बढ़त बना ली। स्कोर 7-5 हो गया। चोचुवोंग 8-8 और फिर 11-11 पर बराबरी करने में कामयाब रहीं। इसके बाद भी सायना ने बढ़त बनाई। चोचुवोंग 20-20 पर फिर बराबरी करने में कामयाब हुईं, जिसके बाद दो अंक लगातार जीतकर सायना ने खिताब पर कब्जा किया।