खबर लहरिया Blog Petrol, Diesel Become Expensive: पेट्रोल और डीजल हुए महंगे, नई कीमत हुई लागू, आम लोगों पर इसका असर कैसे दिख सकता है? 

Petrol, Diesel Become Expensive: पेट्रोल और डीजल हुए महंगे, नई कीमत हुई लागू, आम लोगों पर इसका असर कैसे दिख सकता है? 

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब दो साल बाद बढ़ोतरी की गई है।15 मई से पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम 3-3 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा।

सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: एआई)

इसके साथ ही कई शहरों में सीएनजी के दाम भी बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में अब एक किलो सीएनजी के लिए 79.09 रुपए खर्च करने होंगे यानी सीएनजी करीब 2 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई है।

वहीं तेल कंपनियों का भी कीमतें बढ़ने के बाद भी उन्हें पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर 25 से 30 रुपए तक का नुकसान होने की बात सामने आई है। ऐसे में आने वाले समय में ईंधन की कीमतों को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ सकती है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का कारण 

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई तेजी को माना जा रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने और जंग जैसे हालात बनने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतों में बड़ा उछाल आया है। पहले जहां कच्चा तेल करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था वहीं अब इसकी कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई है। इससे तेल कंपनियों पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ रहा था।

मध्य प्रदेश 

अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह बढ़ती रहीं तो आने वाले दिनों में ईंधन और महंगा हो सकता है। इस बढ़ोतरी का असर आम लोगों की जेब पर भी साफ दिखाई देगा। बात करें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में की तो देशभर के साथ मध्य प्रदेश के शहरों में भी नए दाम लागू हो गए हैं। इंदौर में पेट्रोल की कीमत पहले करीब 106.58 रुपए प्रति लीटर थी जो अब बढ़कर 109.58 रुपए हो गई है। वहीं डीजल की कीमत 91.97 रुपए से बढ़कर 94.97 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। भोपाल समेत दूसरे शहरों में भी लोगों को अब पेट्रोल और डीजल के लिए ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ गए हैं। पहले भोपाल में पेट्रोल करीब 106.68 रुपए प्रति लीटर मिल रहा था अब नई बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 109.82 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल जो पहले 91.87 रुपए प्रति लीटर था अब 94.98 रुपए प्रति लीटर में मिल रहा है। बढ़े हुए दामों का सीधा असर रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों पर पड़ेगा।

छत्तीसगढ़ 

उधर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी ईंधन महंगा हो गया है। पेट्रोल की कीमत में 3.11 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद अब रायपुर में पेट्रोल 103.56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। पहले इसकी कीमत 100.45 रुपए प्रति लीटर थी। वहीं डीजल की कीमत भी बढ़कर 96.84 रुपए प्रति लीटर हो गई है जो पहले 96.68 रुपए प्रति लीटर थी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि “पश्चिम एशिया की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने पेट्रोल एवं डीजल का संयमित उपयोग करने का आह्वान किया है। हमारी सरकार भी इस जिम्मेदारी का पालन करते हुए संसाधनों के संतुलित उपयोग को प्राथमिकता दे रही है, इसी क्रम में हमने अपने काफिले में वाहनों की संख्या भी कम की है। प्रदेशवासियों से भी हमारी अपील है कि राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए ईंधन का जिम्मेदारीपूर्वक एवं संतुलित उपयोग करें।”

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है। पेट्रोल करीब 2.84 रुपए प्रति लीटर और डीजल 3.01 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। नई दरों के बाद अब लोगों को पेट्रोल 97.55 रुपए प्रति लीटर और डीजल 90.82 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा। इस बढ़ोतरी का असर रोजमर्रा के खर्च और सफर पर पड़ने की संभावना है।

वहीं सीएनजी के दामों में भी इजाफा किया गया है। लखनऊ में अब सीएनजी करीब 98 रुपए प्रति किलो मिल रही है। हालांकि ग्रीन गैस लिमिटेड के एजीएम प्रवीण सिंह द्वारा बताया गया है कि लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर, उन्नाव और आगरा में फिलहाल पुराने दाम ही लागू रहेंगे। जब पिछली बार सीएनजी की कीमतों में बदलाव किया गया था उसी समय 2 रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी थी और तब से वही दरें चल रही हैं। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि पेट्रोल-डीजल की यह बढ़ोतरी सिर्फ शुरुआत हो सकती है और आने वाले समय में कीमतें फिर बढ़ सकती हैं।

वहीं प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल डीज़ल बचाने के अपील के बाद उत्तर प्रदेश के कई नेता और अधिकारी साइकिल से विधान सभा पहुँचते दिखे। उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना 14 मई को साइकिल से विधानसभा पहुंचे और मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ई-रिक्शा से अपने दफ़्तर पहुंचे।

इसी तरह गोरखपुर के महापौर मंगलेश श्रीवास्तव ने स्कॉर्ट वाहन हटाने का फैसला लिया। आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने वाराणसी में इलेक्ट्रिक वाहन का इस्तेमाल शुरू किया है 

बिहार 

बिहार की राजधानी पटना में भी पेट्रोल और डीज़ल के दाम आज से बढ़ गए हैं। नई क़ीमतों के बाद अब राजधानी पटना में 108.67 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। पहले इसकी कीमत 105.37 रुपए थी। वहीं डीज़ल भी महंगा हो गया है। पहले डीजल 91.65 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था जो अब बढ़कर 94.65 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। इसके साथ ही कई शहरों में सीएनजी की क़ीमतों में भी करीब 2 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी हुई है। ईंधन के बढ़ते दामों का असर अब आम लोगों के साथ साथ ट्रांसपोर्ट कारोबारों पर भी पड़ने लगा है। 

और भी प्रदेशों में पेट्रोल डीजल की नई कीमतें –

पेट्रोल 

डीजल

इस तरह डीजल और पेट्रोल की कीमत में बढ़ोत्तरी का असर आम आदमी के जीवन से सीधा जुड़ाव रखता है। क़ीमतें बढ़ने से उनके आम जीवन पर भी पड़ सकता है जैसे – 

आम लोग किसी भी काम के लिए यात्रा तो करेंगे ही ऐसे में ऑटो, ट्रक, टेम्पो और दूसरे मालवाहक वाहनों का खर्च बढ़ने से बाहर से आने वाली सब्ज़ियाँ, फल अनाज और राशन की क़ीमतों में भी बढ़ोत्तरी होने लगती है।

इसका असर खेती किसानी पर भी पड़ सकता है। किसानों को ट्रैक्टर पंपिंग सेट और खेती से जुड़े दूसरे मशीन चलाने के लिए ज़्यादा पैसे खर्च करने पड़ते हैं। इससे खेती की लागत बढ़ जाती है और आगे चल कर अनाज के दाम भी बढ़ सकते हैं। वहीं बस, ऑटो और स्कूल वाहनों का खर्च बढ़ने से किराए में इज़ाफ़ा होने की संभावना रहती है जिसका असर सीधे आम आदमी के जेब और जीवन पर पड़ता है।

पहले से ही महंगाई और गैस की किल्लत का सामना कर रहे आम आदमी को बढ़े हुए दामों का एक और झटका लगा है। 

विपक्षों में ने इस मामले पर क्या है? 

डीज़ल पेट्रोल के बढ़ी कीमत पर विपक्ष ने कई सवाल और आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा है कि “गलती मोदी सरकार की,कीमत जनता चुकाएगी।₹3 का झटका आ चुका,बाकी वसूली क़िस्तों में की जाएगी।”

इस संबंध में कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि “महंगाई मैन’ मोदी ने आज फिर जनता पर हंटर चलाया।  पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए महंगा कर दिया गया वहीं, CNG के दाम भी 2 रुपए बढ़ा दिए गए चुनाव खत्म – मोदी की वसूली शुरू” 

समाजवादी पार्टी के प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भी अपने एक्स अकाउंट में पोस्ट कर लिखा है कि ” आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है”

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *