खबर लहरिया राजनीति ब्रिटेन देश की पूर्व प्रधानमंत्री चल बसीं

ब्रिटेन देश की पूर्व प्रधानमंत्री चल बसीं

Margaret_ff

ब्रिटेन। ब्रिटेन देश  की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर का सोमवार 8 अप्रैल को दिल का दौरा पड़ने से देहांत हो गया। वे 87 साल की थीं। कन्ज़रवेटिव नाम की पार्टी की नेता मार्गरेट थैचर 1979 से 1990 तक 11 साल प्रधानमंत्री रहीं। वे वहाँ की पहली और इकलौती महिला प्रधानमंत्री थीं।
मार्गरेट थैचर अपने बेबाक और ठोस विचारों के लिए जानी जाती थीं। अपने कार्यकाल में उन्होंने कई कड़े फैसले लिए जिनके कारण वे ‘आयरन लेडी’ यानी लौह महिला के नाम से जानी गयीं। उन्होंने आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए निजीकरण को बढ़ावा दिया और कई सरकारी उद्योगों का निजीकरण किया। उनकी आर्थिक नीतियों और काम के तरीके की खूब आलोचना की गयी। अपने फैसलों के कारण जहां वे लोकप्रिय हुयीं वहीं उन्हें नापसंद करने वालों की भी कभी कमी नहीं रही।
लोगों के यही जज़्बात आज उनके देहांत के समय भी सामने आये। जहाँ एक ओर देश विदेश में उनके देहांत पर लोगों द्वारा शोक प्रकट किया गया वहीं यह खबर सुनकर ब्रिटेन में कुछ जगह लोग सड़कों पर निकल आये। वे नाचे गाये और उन्होंने थैचर की मौत का जस्न  मनाया। इन्टरनेट, अखबार, टीवी पर उनके खिलाफ टिप्पणियाँ लिखी गयीं। उनके लिए शैतान और ऐसे ही दूसरे अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।