खबर लहरिया Hindi Census 2027: यूपी समेत चार राज्यों में दूसरे चरण की स्व-गणना शुरू, जानें कैसे भरें ऑनलाइन फॉर्म

Census 2027: यूपी समेत चार राज्यों में दूसरे चरण की स्व-गणना शुरू, जानें कैसे भरें ऑनलाइन फॉर्म

देश में जनगणना 2027 की प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू हो गया है। दूसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए निवासी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, दूसरे चरण की स्व-गणना 16 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और 30 नवंबर तक लोग फॉर्म भर सकते हैं। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी इकट्ठा करेंगे।

Census 2027

भारत में जनगणना प्रकिया का दूसरा चरण शुरू (फोटो साभार: एआई द्वारा निर्मित)

भारत सरकार ने 4 जून को ऐलान किया था कि देश की अगली जनगणना 1 मार्च 2027 तक पूरी कर ली जाएगी। इस बार जनसंख्या के साथ-साथ जातियों की भी गिनती की जाएगी। पिछली जनगणना 2011 में हुई थी जबकि अगली जनगणना 2021 में होनी थी। लेकिन 14 दिसंबर 2022 को राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते 2021 की जनगणना को टालना पड़ा। अब धीरे धीरे जनगणना का काम आगे बढ़ रहा है। इसी सम्बन्ध में अब दूसरा चरण शुरू किया जा रहा है।

स्वागाना के लिए यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ (स्वयं जानकारी दर्ज करने) की सुविधा का भरपूर इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा “अपने माता-पिता, बुजुर्गों और पड़ोसियों की ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने में उनकी मदद करें।”

स्व-गणना (Self-Enumeration) क्या है?

लोगों को अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कराने के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना होगा। वे घर बैठे मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। इस प्रकिया को स्व-गणना (Self-Enumeration) का नाम दिया गया है।

मोबाइल से कैसे भरें जनगणना का ऑनलाइन फॉर्म? 

स्व-गणना में भाग लेने के लिए लोगों को सबसे पहले जनगणना के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। इसके लिए मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। सबसे पहले https://se.census.gov.in/ वेबसाइट पर जाएं। 

  • वेबसाइट पर उपलब्ध सूची में अपना राज्य चुनें। उत्तर प्रदेश के निवासी उत्तर प्रदेश का विकल्प चुनेंगे। इसके बाद कैप्चा भरकर आगे बढ़ें।
  • परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करें। बेहतर होगा कि पहले चरण में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर ही उपयोग करें।
  • मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करके अपना नंबर सत्यापित करें। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें।
  • परिवार के सदस्यों से संबंधित मांगी गई बुनियादी जानकारी दर्ज करें।
  • दूसरे चरण में परिवार और उसमें रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित कुल 40 अधिसूचित सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें नाम, उम्र, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, कामकाज, भाषा, प्रवास और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारियां शामिल हैं।
  • फॉर्म में भरी गई सभी जानकारियों को दोबारा ध्यान से देखें। कोई गलती होने पर अंतिम सबमिट करने से पहले उसे ठीक कर लें।
  • सभी जानकारियां सही होने पर फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर दें।
  • फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशेष स्व-गणना पहचान संख्या (Self-Enumeration ID) मिलेगी। इसे सुरक्षित रख लें। जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी दिखानी होगी।

इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगे। 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का दौर चलेगा। इस जनगणना की संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है।

2027 जनगणना का पहला चरण कब हुआ 

जनगणना 2027 की शुरुआत पहले चरण से हुई थी। पहले चरण के लिए केंद्र सरकार ने 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 30 दिनों की अवधि निर्धारित की थी। हर राज्य में यह काम अलग-अलग तारीखों पर कराया गया। घर-घर सर्वे शुरू होने से पहले लोगों को 15 दिनों तक स्व-गणना के जरिए ऑनलाइन जानकारी देने का विकल्प भी दिया गया था। पहले चरण का नाम मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (Houselisting and Housing Census) रखा गया था।

इस चरण में मुख्य रूप से मकान और परिवार से जुड़ी जानकारियां जुटाई गईं। इनमें शामिल थीं:

  • मकान पक्का है या कच्चा और उसके निर्माण में किन सामग्रियों का इस्तेमाल हुआ है।
  • घर में कमरों और रहने वाले परिवारों की संख्या।
  • पीने के पानी और बिजली की उपलब्धता।
  • शौचालय और नहाने की सुविधा।
  • रसोई और खाना पकाने के ईंधन की जानकारी।
  • घर में उपलब्ध टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन और अन्य सुविधाएं।
  • परिवार के पास उपलब्ध घरेलू संपत्तियां।

पहले चरण का काम मणिपुर को छोड़कर देश के 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पूरा हो चुका है।

दूसरे चरण के लिए जानकारी 

पहले चरण में जहां मकानों और घरेलू सुविधाओं से जुड़ी जानकारी जुटाई गई, वहीं दूसरे चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य का व्यक्तिगत विवरण लिया जाएगा।

इसमें लोगों की उम्र, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, भाषा, धर्म, अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित जानकारी, दिव्यांगता और पलायन जैसे विषय शामिल हैं। दूसरे चरण की अधिसूचित प्रश्नावली में जाति से संबंधित सवाल भी शामिल हैं।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke ‘ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *