खबर लहरिया बुंदेलखंड पांच साल तक किया मोहब्बत का नाटक और शादी किसी और से, महोबा जिले की कहानी

पांच साल तक किया मोहब्बत का नाटक और शादी किसी और से, महोबा जिले की कहानी

लव, सेक्स, और धोखा, यह घटना देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ी है। दिल्ली में रहने वाली एक लड़की ने महोबा के लड़के पर शादी का झांसा देकर पांच साल से शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। हालांकि अब लड़के ने कहीं और शादी कर ली है। इस धोखे के खिलाफ प्रेमिका ने 20 फरवरी को कोतवाली में लिखित शिकायत की है।

लड़की ने बताया कि लड़का महोबा का है लेकिन दिल्ली में मेरे साथ कम्पनी में काम करता था, पांच साल से मैं उसको जानती हूं। मेरे घर में उसने शादी की बात भी की थी। मुझे पता है कि उसने शादी कर ली है।

मां का कहना है कि वह लड़का मेरी लड़की को धोखे बाज कहता है, जबकि पांच साल तक दिल्ली में वो हमारे साथ एक ही घर में रहता था। वहां सबको पता है  कि शादी करने के नाम से वह लड़का मेरी लड़की को इस्तेमाल करता था। मुझे नहीं पता था कि उसने आकर शादी कर ली है। 19 फरवरी को आये हैं, तब से भटक रहे हैं। लड़के वाले पैसे देकर स्म्चौता करने को कह रहे हैं। किन्तु हम इंसाफ चाहते हैं।

महोबा सिटी सी.ओ.जितेंद्र दुबे का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 376 व 420 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है। लड़की का मेडिकल करा दिया गया है। आगे की कार्यवाही सबूतों के आधार पर होगी। अभी आरोपी पकड़ा नहीं गया है, जांच चल रही है।

रिपोर्टर- सुनीता प्रजापति

Published on Feb 23, 2018