खबर लहरिया Hindi Women’s T20 Asia Cup/India vs Bangladesh: पहले सेमीफाइनल में आज भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला, जानिए किसका पलड़ा भारी 

Women’s T20 Asia Cup/India vs Bangladesh: पहले सेमीफाइनल में आज भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबला, जानिए किसका पलड़ा भारी 

महिला एशिया कप 2026 (Women’s Asia Cup) का पहला सेमीफाइनल आज 10 सितंबर 2026 को भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा। वहीं दूसरा सेमीफाइनल श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच कल 11 सितम्बर को होगा। इसके बाद टूर्नामेंट का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा।

भारतीय महिला क्रिकेट कप्तान स्मृति मंधाना और बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना (फोटो साभार: वीमेन एशिया कप)

Women’s Asia Cup में भारत का प्रदर्शन 

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने लीग चरण में तीन मुकाबले खेले और तीनों में शानदार जीत दर्ज की। भारत ने थाईलैंड को 94 रन से हराया। भारत ने 159/9 रन बनाए, जिसके जवाब में थाईलैंड की टीम 65 रन पर सिमट गई। हांगकांग के खिलाफ भारत ने 137 रन से बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने 193/5 का विशाल स्कोर बनाया। इस मैच में स्मृति मंधाना ने सिर्फ 64 गेंदों पर 124 रन की तूफानी पारी खेली। पाकिस्तान को भारत ने 7 विकेट से हराया। पाकिस्तान की टीम सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई और भारत ने 8.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस तरह भारत ने तीन मैचों में तीन जीत हासिल की हैं। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि भारत ने तीनों मैच बड़े अंतर से जीते हैं।

स्मृति मंधाना ने रिकॉर्ड तोड़ पारी खेली 

भारत के लिए सबसे बड़ी उम्मीद स्मृति मंधाना हैं। हांगकांग के खिलाफ उन्होंने 124 रन की पारी खेलकर महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड भी बनाया। इस पारी के दौरान वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनीं और उनके नाम 18 अंतरराष्ट्रीय शतक हो गए।

Women’s Asia Cup में किसका पलड़ा भारी 

भारत बनाम बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के मुकाबले में देखा जाए तो भारत की टीम मजबूत दावेदार दिखाई दे रही है। पिछले मैचों को देखा जाए तो भारत की महिला खिलाड़ियों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों बेहतरीन रही। हाल में 5 सितम्बर को पाकिस्तान के खिलाफ भारत की गेंदबाजी ने विपक्षी टीम को सिर्फ 55 रन पर समेट दिया। श्री चरणी ने 4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि प्रेमा रावत ने भी तीन विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा भी टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकती हैं। भारत की टीम में मंधाना, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर और गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा व श्री चरणी जैसे खिलाड़ी मैच को जीत में बदल सकते हैं। 

वहीं बांग्लादेश की महिला खिलाड़ियों को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए क्योंकि पिछले मैचों में उनका प्रदर्शन भी बढ़िया रहा है। इस टूर्नामेंट में तीन मैच खेले। टीम ने शुरुआत में इंडोनेशिया को 71 रन से हराया। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ उसे 4 विकेट से हार मिली। अपने तीसरे और आखिरी लीग मैच में बांग्लादेश ने यूएई को 34 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। यूएई के खिलाफ बांग्लादेश ने 20 ओवर में 103/7 रन बनाए। शर्मिन अख्तर ने 38 रन और कप्तान निगार सुल्ताना ने 23 रन बनाए। गेंदबाजी में राबेया खान ने तीन विकेट, जबकि नाहिदा अख्तर और मरुफा अख्तर ने दो-दो विकेट लिए।

क्या बांग्लादेश भारत को हरा सकता है?

कागज पर भारत का पलड़ा काफी भारी है, लेकिन बांग्लादेश को कमजोर समझना बड़ी गलती हो सकती है। दोनों टीमों के टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का दबदबा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 20 जीत दर्ज की हैं, जबकि बांग्लादेश तीन बार जीता है।

भारतीय दर्शक महिला एशिया कप 2026 (Women’s Asia Cup) में भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच होने वाला मुकाबला लाइव देख सकते हैं।

  • टीवी पर लाइव प्रसारण: Sony Sports Network
  • लाइव स्ट्रीमिंग: Sony LIV ऐप और वेबसाइट

Women’s Asia Cup के पहले सेमीफाइनल के इस मुकाबले में अगर बांग्लादेश शुरुआती विकेट जल्दी निकाल लेता है, तो भारत के लिए मुश्किल हो सकती है। भारत और बांग्लादेश में से आखिर कौन फाइनल में जगह बनाता है वह आज के मैच से पता चल जायेगा। 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *