आज 21 अप्रैल के लिए वाराणसी समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री तक पहुंच चुका है जो सामान्य से काफी ज्यादा है। अनुमान है कि आने वाले पूरे हफ्ते वाराणसी में इसी तरह की तेज और झुलसाने वाली गर्मी बनी रहेगी।
रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – रचना
उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात ऐसे हैं कि लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वाराणसी में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जिससे सड़कों पर निकलते ही तेज धूप और गर्म हवा लोगों को बेहाल कर रही है। कोई पानी पीकर खुद को ठंडा रखने की कोशिश कर रहा है तो कोई गमछा या कपड़े से चेहरा ढककर निकल रहा है। कहीं लोग छाता लेकर चल रहे हैं तो कहीं जूस और ठंडे पेय से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलने वाली नहीं है और वाराणसी में हालात सबसे ज्यादा मुश्किल बने हुए हैं। यहां तापमान लगातार 43 डिग्री के आसपास बना हुआ है जिससे दिन ही नहीं रात में भी गर्मी लोगों को चैन नहीं लेने दे रही है।
आज 21 अप्रैल के लिए वाराणसी समेत कई जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में पारा 42 से 44 डिग्री तक पहुंच चुका है जो सामान्य से काफी ज्यादा है। अनुमान है कि आने वाले पूरे हफ्ते वाराणसी में इसी तरह की तेज और झुलसाने वाली गर्मी बनी रहेगी।
भीषण गर्मी में लोगों का हाल बेहाल
मिर्जापुर के के रहने वाले दिल बहार बताते हैं कि आज की गर्मी इतनी तेज है कि थोड़ी देर धूप में खड़े रहने पर ही चक्कर आने जैसा लगने लगता है। सुबह के सिर्फ 11 बजे हैं लेकिन हालत ऐसी है कि सिर जल रहा है और बाहर निकलने का मन ही नहीं करता। उनका कहना है कि इस बार गर्मी पिछले सालों से कहीं ज्यादा पड़ रही है।
वहीं सुमन का कहना है कि बिना किसी मजबूरी के अब कोई भी धूप में बाहर नहीं निकल रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों के लिए हालात और भी मुश्किल हैं इसलिए स्कूल और आंगनवाड़ी की छुट्टी कर देनी चाहिए। “सुबह 9 बजे बच्चे को उमरहा गांव के आंगनवाड़ी केंद्र छोड़ने गई थीं लेकिन तेज धूप और गर्मी में आना-जाना बहुत मुश्किल हो रहा है।” उनका कहना है कि इतनी गर्मी में छोटे बच्चों का खास ध्यान रखने की जरूरत है।
यूपी में भीषण गर्मी का कहर, वाराणसी में टूट रहे रिकॉर्ड
वाराणसी की बात करें तो यहां गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड तक तोड़ने शुरू कर दिए हैं। अप्रैल महीने में ही तापमान करीब 42.5 डिग्री तक पहुंच गया है जो पिछले कई सालों में काफी ज्यादा माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इससे पहले साल 2010 में अप्रैल में ही तापमान करीब 46.9 डिग्री तक दर्ज किया गया था जो अब तक का रिकॉर्ड है। सिर्फ वाराणसी ही नहीं लखनऊ समेत कई जिलों में भी तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस डिग्री के बीच बना हुआ है। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। फिलहाल बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है यानी लोगों को अभी और गर्मी झेलने के लिए तैयार रहना होगा।
धूप और बढ़ा सकती है परेशानी
वाराणसी में मौसम विभाग के प्रोफेसर मनोज कुमार झा का कहना है कि आने वाले दिनों में तेज धूप की वजह से तापमान और बढ़ सकता है। इसका असर सिर्फ वाराणसी में ही नहीं बल्कि पूरे उत्तर भारत में देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि मौसम फिलहाल सूखा बना हुआ है और अगर इसी तरह धूप और गर्म हवाएं चलती रहीं तो गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है। लोगों को सावधानी बरतने और तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।
आने वाले दिन और मुश्किल
मौसम विभाग के मुताबिक 21 अप्रैल को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलेंगी। 22 अप्रैल को भी मौसम साफ रहेगा और लू चलने की संभावना है। 23 अप्रैल को पूरे प्रदेश में धूप और तेज हो जाएगी और हवा की रफ्तार कम होने से उमस भी काफी बढ़ेगी जिससे लोगों को ज्यादा परेशानी होगी।
24 अप्रैल को भी पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप बनी रहेगी। कुछ जगहों पर दोपहर के बाद हल्की हवा चल सकती है लेकिन गर्मी से खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
माना जा रहा है कि 25 मई के बाद गर्मी का असर और बढ़ेगा। इस दौरान सूरज की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं जिससे तापमान तेजी से बढ़ता है और लू का असर ज्यादा महसूस होता है। ऐसे में लोगों को आने वाले दिनों में और ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’





