खबर लहरिया Hindi UP News/Rakshabandhan event: बरेली में रक्षाबंधन कार्यक्रम में क्यों हुई भगदड़, एक महिला की मौत

UP News/Rakshabandhan event: बरेली में रक्षाबंधन कार्यक्रम में क्यों हुई भगदड़, एक महिला की मौत

उत्तर प्रदेश के बरेली में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान गुरुवार 27 अगस्त को अचानक अफरातफरी मच गई। यह कार्यक्रम क्लब ग्राउंड में पार्थ गौतम फाउंडेशन और युवा सेवक संघ की ओर से आयोजित किया गया था। बताया जा रहा है कि BJP के मेयर उमेश गौतम ने राखी बांधने के लिए 20 हजार महिलाओं को बुलाया था और उन्हें गिफ्ट देने और भेजने का वादा किया गया था। तोहफे लेने के लिए भीड़ इतनी बढ़ गई कि हादसे का कारण बन गई। 

रक्षाबंधन मिलन समारोह के दौरान महिलाओं की भीड़ (फोटो साभार: x/@MahuaKhabarr)

रक्षाबंधन कार्यक्रम में भगदड़ से एक महिला की मौत 

इस हादसे में सतीपुर निवासी भगवान सिंह की 45 वर्षीय पत्नी मधु गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें मिशन हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। तीन अन्य घायल महिलाओं को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। 

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में मृतक की ननद ने रोते हुए कहा “मेयर साहब ने 15 पास दिए थे। हमने कुछ पड़ोस में दिए थे। मैं और मेरी भाभी आए। भीड़ में हम दब गए थे। हमें निकाल लिया भीड़ से और भाभी खत्म हो गई।”

20 हजार महिलाओं को भेजा गया था निमंत्रण

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार मेयर डॉ. उमेश गौतम पिछले कुछ सालों से बड़े स्तर पर रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे हैं। कार्यक्रम में मेयर और उनके बेटे पार्थ गौतम महिलाओं से राखी बंधवाते हैं और उन्हें उपहार देते हैं। पार्थ गौतम ‘यूथ सर्वेंट एसोसिएशन’ और ‘पार्थ गौतम फाउंडेशन’ के अध्यक्ष हैं।

पिछले साल इस कार्यक्रम में करीब 15 हजार महिलाओं ने हिस्सा लिया था। इस बार करीब 20 हजार महिलाओं को निमंत्रण भेजा गया था। बरेली क्लब ग्राउंड में इसी संख्या के हिसाब से व्यवस्थाएं की गई थीं।

बड़ी संख्या में पहुंची महिलाऐं 

कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। शहर के अलावा आसपास की तहसीलों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं मेयर डॉ. उमेश गौतम और पार्थ गौतम को राखी बांधने पहुंचीं। कई महिलाएं अपने साथ बच्चों और परिवार के पुरुष सदस्यों को भी लेकर आई थीं। इससे कार्यक्रम स्थल पर भीड़ काफी बढ़ गई।

बताया गया कि दोपहर करीब 3 बजे तक कार्यक्रम सामान्य रूप से चल रहा था। इसके बाद अचानक बड़ी संख्या में महिलाएं मंच की ओर तेजी से बढ़ने लगीं। भीड़ को बढ़ता देखकर मंच से लोगों से धैर्य रखने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई लेकिन भीड़ पर इसका असर नहीं हुआ।

भाई ने आयोजकों पर लगाया लापरवाही का आरोप

मधु के भाई अनेस सिंह ने कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद रक्षाबंधन कार्यक्रम में भगदड़ और महिला की मौत की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई।

इस हादसे ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़ में इस तरह की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। बड़े आयोजनों में जब उम्मीद से ज्यादा लोग पहुंचते हैं तो थोड़ी सी अव्यवस्था भी कुछ ही मिनटों में गंभीर हादसे का रूप ले सकती है। इसके बावजूद अक्सर प्रशासन और आयोजक भीड़ की संभावित स्थिति का सही आकलन करने में चूक जाते हैं। सुरक्षा इंतजाम केवल लोगों की संख्या के हिसाब से व्यवस्था करने तक सीमित नहीं होने चाहिए बल्कि भीड़ के प्रवेश, निकास, मंच के आसपास की आवाजाही और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालने की पूरी योजना पहले से तैयार होनी चाहिए। 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *