खबर लहरिया Blog पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में हो सकती है फेरबदल, जानिए कौन होंगे मंत्री?

पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में हो सकती है फेरबदल, जानिए कौन होंगे मंत्री?

आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में बदलाव होने की सम्भावना बताई जा रही है। जिसमें मंत्रियों की ज़िम्मेदारियों को पहले से कम करने की बात शामिल है।

साभार – टाइम मैगज़ीन

पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रिपरिषद में अगले तीन दिनों में विस्तार होने की संभावना बतायी जा रही है। माना जा रहा है कि कई मौजूदा मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से हटाया जा सकता है। वहीं यह भी कहा जा रहा है कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव में कई नए चेहरों को भी जगह मिल सकती है। साथ ही केंद्र में 81 मंत्री भी बनाए जा सकते हैं।

इस समय मंत्रिपरिषद में 53 मंत्री हैं यानी 28 मंत्री और बनाए जा सकते हैं। आधा दर्जन कैबिनेट मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालय की जिम्मेदारी है। जिस ज़िम्मेदारी को कम करने की बात की जा रही है।

इन मंत्रियों के पास है एक से अधिक विभाग

वर्तमान मंत्रिमंडल में 9 मंत्री ऐसे हैं, जिनके पास एक से अध‍िक विभाग हैं। इनमें प्रकाश जावड़ेकर, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, नितिन गडकरी, हर्षवर्द्धन, नरेंद्र सिंह तोमर, रविशंकर प्रसाद, स्मृति ईरानी और हरदीप सिंह पुरी के नाम शामिल हैं।

यूपी में बनाये जाने वाले मंत्रियों के नाम

जानकारी के अनुसार, संभावित मंत्रियों में सर्वानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम प्रमुख हैं। वहीं उत्तर प्रदेश से 5 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इनमें वरुण गांधी, रामशंकर कथेरिया, रीता बहुगुणा जोशी, अनिल जैन और जफर इस्लाम के नाम शामिल हैं। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसे लेकर कहीं न कहीं इस फेरबदल में उसका भी ध्यान रखे जाने की पूरी संभावना है।

इन बीजेपी नेताओं को मिल सकती है ज़िम्मेदारी

मोदी सरकार में फेरबदल की तैयारी के तहत जिन बीजेपी नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है या जिन्हें संभावित मंत्री माना जा रहा है वह कुछ इस प्रकार हैं:-

उत्तराखंड से अजय भट्ट या अनिल बलूनी। कर्नाटक से प्रताप सिन्हा, पश्चिम बंगाल से जगन्नाथ सरकार, शांतनु ठाकुर या निसिथ प्रामाणिक। हरियाणा से बृजेंद्र सिंह, राजस्थान से राहुल कासवान, ओडिशा से अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र से पूनम महाजन या प्रीतम मुंडे या हिना गावित। संभावित मंत्रियों की फेहरिस्त में दिल्ली से परवेश वर्मा या मीनाक्षी लेखी का भी नाम हो सकता है।

बिहार से बनने वाले मंत्रियों के नाम

जानकारी के लिए बता दें कि सहयोगी दलों में जेडीयू का आना फिलहाल पक्का नहीं है। बात यह है कि जेडीयू बीजेपी के बराबर हिस्सा चाहती है। बीजेपी के बिहार से 5 मंत्री हो सकते हैं। अगर बीजेपी-जेडीयू में बात बनी तो जेडीयू से लल्लन सिंह, रामनाथ ठाकुर और संतोष कुशवाह मंत्री बन सकते हैं।

माना जा रहा है कि लोक जन शक्ति पार्टी (लोजपा) से पशुपति पारस को केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है। वहीं अपना दल से अनुप्रिया पटेल, सुशील मोदी, नारायण राणे और भूपेंद्र यादव को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।

अब यह तो तीन दिन के बाद बता चलेगा कि इन संभावित मंत्रियों में से किसे कौन सा विभाग और क्या ज़िम्मेदारी दी जा सकती है। इसके साथ ही ज़िम्मेदारी देने के पीछे किन बातों को ध्यान में रखा जा रहा है।

( इस खबर का इनपुट एनडीटीवी से लिया गया है।)

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।