खबर लहरिया Blog भोजपुरी इंडस्ट्री का पहल रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ पवन सिंह समेत तेज प्रताप यादव भी शो में दिखेंगे 

भोजपुरी इंडस्ट्री का पहल रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ पवन सिंह समेत तेज प्रताप यादव भी शो में दिखेंगे 

भोजपुरी मनोरंजन जगत को जल्द ही अपना पहला सेलिब्रिटी रिएलिटी शो मिलने जा रहा है। टीवी पर जल्द ही भोजपुरी का पहला रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ आने वाला है। भोजपुरी बवाल नाम का यह शो 2 अगस्त से जियो हॉटस्टार और कलर्स पर प्रसारित होगा।

फोटो साभार: HOTSTAR

इस शो में भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे और चर्चित चेहरे एक साथ नजर आएँगे। शो में इन बड़े सितारों की असली जिंदगी बिना किसी छिपाव के दिखाएगा। इसमें उनके निजी और प्रोफेशनल जीवन की सच्ची बातें सामने आएंगी। दर्शकों को इसमें शामिल कलाकरों की पर्दे की पीछे की ज़िंदगी, उनके रिश्ते, बातचीत, टकराव और निजी जीवन से जुड़े कई अनदेखे पहलू देखने को मिलेगी।

हालही में शो का पहला प्रोमो जारी किया गया है। 

कौन कौन बड़े भोजपुरी कलाकार शामिल हैं इस शो में? 

इस रियलिटी शो में भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह, अभिनेता दिनेश लाल यादव (निरहुआ), अभिनेत्री आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी, हिस्सा ले रहे हैं। वहीं शो को मनीषा रानी और कृष्णा अभिषेक होस्ट करेंगे। 

बता दें इन सभी में तेज प्रताप यादव अकेले ऐसे चेहरे हैं जो मुख्य रूप से राजनीति से जुड़े हैं जबकि बाकी कलाकार भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री से आते हैं। हालाँकि पवन सिंह और निरहुआ भी अब राजनीति में सक्रिय हैं लेकिन उनकी पहचान पहले भोजपुरी कलाकार के तौर पर बनी। 

जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भी इस शो में शामिल 

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव एक बार फिर से चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी राजनीति नहीं टेलिविज़न की दुनिया में उनकी एंट्री है। इस भोजपुरी बवाल शो में तेज प्रताप यादव भी नजर आने वाले हैं। 

शो का जो प्रोमो आया है उसमें तेज प्रताप यादव भी दिखाई दे रहे हैं। तेज प्रताप यादव ने इस शो का प्रोमो 13 जुलाई 2026 को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया है। लिखा है “पॉलिटिक्स हो या एंटरटेनमेंट… इनका स्टाइल है एकदम बवाल” 

अभीनेताओं ने साझा किए अनुभव 

नवभारत टाइम्स के अनुसार अभिनेता पवन सिंह ने शो को लेकर कहा है कि “पिछले कई सालों में लोगों ने मेरे बारे में बहुत सी बातें सुनी हैं। इनमें कुछ बातें सही थीं, कुछ को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया और कुछ बातें पूरी तरह गलत थीं। यह शो दर्शकों को यह समझने का मौका देगा कि हम लोग असल जिंदगी में कैसे हैं।”

दिनेश लाल यादव ने कहा है कि “भोजपुरी बवाल की सबसे अच्छी बात यह है कि कोई भी परफेक्ट होने का दिखावा नहीं कर रहा। हम साथ हंसते हैं, बहस करते हैं, एक-दूसरे की टांग खींचते हैं और अपने मन की बात कहते हैं। यही बात इस शो को बाकी रियलिटी शो से अलग बनाती है।” 

वहीं आम्रपाली दुबे ने कहा है कि “लोगों को अक्सर लगता है कि वे हमें जानते हैं क्योंकि वे सालों से हमारे काम को फॉलो कर रहे हैं। लेकिन कैमरे के पीछे बहुत कुछ ऐसा होता है जो सामने नहीं आता। भोजपुरी बवाल दर्शकों के साथ उस पहलू को शेयर करने का एक मौका है।” 

कौन हैं ये सारे चेहरे? 

तेज प्रताप यादव – राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे हैं और जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष भी हैं। 

पवन सिंह – अभिनेता पवन सिंह भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के एक बेहद लोकप्रिय गायक और अभिनेता हैं जिन्हें अक्सर ‘पावर स्टार’ के रूप में जाना जाता है। उन्होंने 2008 में अपने प्रसिद्ध गीत “लॉलीपॉप लागेलु” से दुनियाभर में भारी पहचान बनाई। अभी के समय में (जुलाई 2026 में) वे सक्रिय राजनीति में हैं और बिहार विधान परिषद (MLC) के सदस्य हैं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना उम्मीदवार बनाया था। 

दिनेश लाल यादव – दिनेश लाल यादव जिन्हेंनिरहुआ के नाम से भी जाना जाता है भारतीय सिनेमा (विशेषकर भोजपुरी) के एक बेहद लोकप्रिय अभिनेता, गायक और निर्माता हैं। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राजनेता और पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। वे 2022 से 2024 तक उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ लोकसभा सीट से सांसद भी रह चुके हैं। 

आम्रपाली दुबे – आम्रपाली दुबे भारतीय फिल्म और टेलीविजन की एक बेहद लोकप्रिय अभिनेत्री हैं जिन्हें मुख्य रूप से भोजपुरी सिनेमा का सुपरस्टार माना जाता है । उन्हें भोजपुरी की ‘यूट्यूब क्वीन’ और ‘ब्यूटी क्वीन’ भी कहा जाता है। वे किसी आधिकारिक पद पर नहीं हैं लेकिन वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) और अपने साथी अभिनेता/सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के समर्थन में चुनाव प्रचार करती रही हैं। 

काजल राघवानी – एक प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री हैं जो मुख्य रूप से भोजपुरी सिनेमा में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *