खबर लहरिया Hindi India vs England 1st ODI series: लगातार 6 हार के बाद भारत ने वनडे (ODI) में जीत के साथ खाता खोला, अगले होने वाले मैच कब और कहाँ होंगे, जानें

India vs England 1st ODI series: लगातार 6 हार के बाद भारत ने वनडे (ODI) में जीत के साथ खाता खोला, अगले होने वाले मैच कब और कहाँ होंगे, जानें

भारत बनाम इंग्लैंड (India vs England) के बीच चल रहे तीन मैचों की ODI सीरीज़ के पहले मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की। यह मैच 14 जुलाई को एजबेस्टन (बर्मिंघम) में खेला गया। मैच में शुभमन गिल, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने अपने बल्लेबाजी का कमाल दिखाते हुए इंग्लैंड को 6 विकेट से हरा दिया। हालाँकि इससे पहले खेले गए भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज़ (India Vs England T20 Series) में भारत को 4 मैचों में और भारत बनाम आयरलैंड टी20 सीरीज़ (India Vs Ireland T20 Series) में भारत को 2 मैचों में हार मिली थी। अब जाकर भारतीय टीम ने पहले वनडे मैच में जीत के साथ वापसी की है। 

भारतीय टीम की सांकेतिक तस्वीर (फोटो साभार: X/@ICC)

India vs England टी20 सीरीज में हार और वनडे (ODI) में जीत, ऐसा क्यों 

इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का प्रदर्शन दो अलग-अलग फॉर्म (अंदाज़) में देखने को मिला क्योंकि इससे पहले भारत बनाम इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की सीरीज में भारत को 4-0 से करारी हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वनडे सीरीज की शुरुआत शानदार जीत के साथ हुई। सवाल यह है कि आखिर ऐसा क्या बदला कि हारने वाली टीम अचानक जीतने लगी? क्योंकि इसमें वो खिलाड़ी नहीं हैं जो टी20 सीरीज में थे। 

वनडे टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों को मौका दिया गया जिन्होंने टीम को मजबूती दी। वनडे टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल और शुभमन गिल को लिया गया है। हालाँकि पहले वनडे मैच में विराट कोहली 5 रन बनाकर और रोहित शर्मा 11 रन पर ही ऑउट हो गए थे लेकिन पिछले मैचों की सीरीज में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की है। 

टी20 सीरीज में अभिषेक शर्मा को लिया गया था लेकिन शरुआत करने में लगातार नाकाम रहे और बड़ी पारी नहीं खेल सके। संजू सैमसन भी शानदार बल्लेबाज होने के बावजूद रन बनाने में संघर्ष करते रहे और अपनी जगह पक्की नहीं कर सके। ईशान किशन ने कुछ मैचों में अच्छी शुरुआत की, लेकिन उन्हें बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। तिलक वर्मा, शिवम दुबे ऑलराउंडर होकर भी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान नहीं दे पाए। वैभव सूर्यवंशी को भी मौका दिया गया लेकिन वह भी इस सीरीज में अच्छा नहीं खेल पाए और भारत इस सीरीज में एक भी मैच नहीं जीत सका। इसी के साथ भारत मेंस टी20 रैंकिंग टेबल (Men’s t20i Team Rankings) में दूसरे स्थान पर पहुंच चुका है जबकि इंग्लैंड पहले पायदान पर है। 

इंग्लैंड की अच्छी शुरुआत और भारत की गेंदबाजी 

भारत बनाम इंग्लैंड के इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत अच्छी की। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में शानदार वापसी करते हुए लगातार विकेट झटके। इंग्लैंड ने 61 रन पर एक भी विकेट नहीं गंवाया था, लेकिन कुछ ही देर में 80 रन पर 5 विकेट गंवा बैठा। हालांकि इंग्लैंड के खिलाड़ी जो रूट ने 76 और रनलियाम डॉसन ने 68 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर रन तक पहुंचाया। अक्षर पटेल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद इंग्लैंड की टीम 47.5 ओवर में 258 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की शानदार बल्लेबाजी

259 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। गिल ने 80 रन की बेहतरीन पारी खेली और जीत की मजबूत नींव रखी। बाद में उन्हें ऐंठन (क्रैम्प्स) के कारण मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद अक्षर पटेल ने नाबाद 57 रन और वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 52 रन बनाकर भारत को आसानी से जीत दिला दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच शतकीय साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भारत ने 45.2 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अक्षर पटेल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में ही कमाल कर दिखाया। 

भारतीय खिलाड़ी अक्षर पटेल (फोटो साभार: बीसीसीआई)

India vs England ODI series schedule (शेड्यूल) कब और कहाँ 

भारत बनाम इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे (2nd ODI) कल 16 जुलाई 2026 को सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 से शुरू होगा। 

वहीं तीसरा वनडे मैच 19 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स में दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा। 

वनडे सीरीज लाइव कहां देखें

आप इन मैचों को लाइव स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर देख सकते हैं।

अब देखना यह होगा कि आने वाले मैचों में भारतीय टीम अपने इसी फॉर्म में नज़र आती है कि नहीं या फिर इंग्लैंड भी इस हार का बदला लेगा और बेहतर फॉर्म में नज़र आएगा? 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *