प्रयागराज जिले के धूरपुर थाना क्षेत्र के पचखरा गांव में 24 साल की विवाहिता मुस्कान की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। 13 जुलाई की सुबह उसका शव घर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया।
रिपोर्ट – सुनीता, लेखन – रचना
मुस्कान की शादी करीब चार साल पहले सदाम के साथ हुई थी। घटना के समय उसका पति हिमाचल प्रदेश में काम करने गया हुआ था। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार बीते 12 जुलाई की रात मुस्कान की पति से फ़ोन पर बात हुई थी। अगले दिन 13 जुलाई की सुबह करीब आठ बजे तक जब कमरे का दरवाज़ा नहीं खुला तो घर वालों द्वारा आवाज लगाई गई। कोई जवाब नहीं आने पर मुस्कान की सास जहरुन निशा ने आसपास के लोगों को बुलाया। दरवाज़ा तोड़ने पर मुस्कान का शव पंखे पर लटका हुआ पाया गया। उस समय तक मुस्कान की मौत हो चुकी थी।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज का आरोप
मृतिका मुस्कान का मायका करछना थाना क्षेत्र के चनैनी गांव में हैं। मुस्कान के पिता वाहिद अली का कहना है कि मुस्कान के शादी के बाद से ही ससुराल वाले उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे और काफी समय से दहेज का मांग भी कर रहे थे। उन्होंने कहा “मैंने करीब पांच लाख रुपए खर्च करके अपनी बेटी की शादी की थी लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष से एक लाख रुपए की मांग की जा रही थी। मेरी बेटी से कहा जाता था कि अपने बाप से एक लाख रुपए लेकर आओ तभी घर में रहने देंगे नहीं तो जान से मार देंगे पति और सास हमेशा यही बात करते रहते हैं।”
वहीं मुस्कान के भाई मोहम्मद वासिम ने भी अपने बयान में बताया कि जिस दिन 12 जुलाई की रात पति से मुस्कान की बात हुई थी तो पति फ़ोन पर गंदी-गंदी गालियाँ दे रहा था। इस बात की मुस्कान के पास फ़ोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी है। पति के द्वारा लगातार एक लाख रुपए और एक तोला सोना मायके से लाने की मांग की जा रही थी।
मोहम्मद वासिम के अनुसार “जब बहन ने मना किया तो ससुर, जेठ और देवर ने मिलकर उसे मार डाला और बाद में फांसी पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या लगे।”
मोहम्मद वासिम आगे कहते है “हमारा परिवार छोटी-मोटी दुकान चलाकर अपना गुज़ारा करता है। हम चार भाई-बहन बहन हैं, सबसे छोटी मुस्कान थी। हम कहाँ से इतना दहेज देते? मुस्कान का तीन साल का एक बच्चा भी है। अब उसका पालन-पोषण कौन करेगा? हमारी मांग है कि आरोपियों को सजा मिले, हमें न्याय चाहिए।”
मुस्कान की बहन खुशी का आरोप है कि मुस्कान को काफी परेशान किया जाता था उसे खाना भी नहीं दिया जाता था और सास द्वारा फ्री में शादी करने का ताना दिया जाता था। उन्होंने बताया कि मुस्कान का ससुराल जिस जगह में था वहां आसपास कोई पड़ोसी नहीं रहते हैं केवल एक माली का घर है। “अगर उसे मारा भी गया होगा तो कोई उसकी आवाज सुनने वाला नहीं रहा होगा। ससुराल वालों ने घटना की कोई सूचना नहीं दी। जब पुलिस पहुंची तब पुलिस ने ही हमें फ़ोन कर के जानकारी दी।”
परिवार के अनुसार मुस्कान के ससुराल वाले घर में ताला लगा हुआ है और वहां कोई मौजूद नहीं है।
पति सदाम ने क्या कहा?
दूसरे पक्ष पति सदाम से फ़ोन पर बात की गई। उसने बताया कि 12 जुलाई की रात उससे आख़िरी बात हुई थी। उसने बताया कि मुस्कान हमेशा मायका जाने का ज़िद्द करती थी और पति द्वारा जब जाने से मना किया गया तो उसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। उसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई।
पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर किया मुकदमा दर्ज
इस मामले को लेकर धूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा के अनुसार पति, सास, ससुर जेठ और देवर समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच करछना क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

