खबर लहरिया Blog अयोध्या के कुछ खूबसूरत पर्यटक स्थल, जो आपका दिल जीत लेंगे

अयोध्या के कुछ खूबसूरत पर्यटक स्थल, जो आपका दिल जीत लेंगे

आज हम आपको बताने वाले हैं अयोध्या की धरती पर मौजूद कुछ ख़ास छिपे हुए रत्नों के बारे में, जिनके बारे में जानकार आप का भी अयोध्या घूमने का मन कर जाएगा।

राम जन्मभूमि, और राम नगरी कहा जाने वाला अयोध्या शहर अपनी ऐतिहासिक संस्कृति के साथ-साथ कई और अन्य चीज़ों के लिए भी देश भर में मशहूर है। इस जगह पर आपको, हिंदू, बौद्ध, जैन और इस्लाम धर्म के ऐतिहासिक अंश मिल जाएंगे।
अयोध्या शहर का पुराना नाम फ़ैज़ाबाद है और यहाँ पर आपको मुग़लों के शासन के समय की कई धरोहरें देखने को मिल जाएँगी। फ़ैज़ाबाद में आज मौजूद ज़्यादातर मक़बरे और पुरानी इमारतें मुग़लों के जमाने में अवध के नवाब शुजा-उद- दौला द्वारा बनवायी गयी हैं। उन्होंने सन 1754 से लेकर 1775 तक उत्तर प्रदेश (पुराना नाम: अवध) पर राज किया था। वो अपना ज़्यादातर समय अवध की तब की राजधानी फ़ैज़ाबाद में ही बिताते थे।

आज हम आपको बताने वाले हैं अयोध्या की धरती पर मौजूद कुछ ख़ास छिपे हुए रत्नों के बारे में, जिनके बारे में जानकार आप का भी अयोध्या घूमने का मन कर जाएगा।

1. राजघाट पार्क

शहर के बीचोबीच मौजूद अयोध्या का राजघाट पार्क, नए साल पर लगने वाले अपने मेले की लिए मशहूर है। अयोध्या के आसपास के गाँव से लोग नया साल मनाने इस पार्क में ज़रूर आते हैं। यहाँ पर स्थापित गौतम बुद्ध की प्रतिमा भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है। चारों और पेड़-पौधों और हरियाली से भरपूर इस पार्क में आकर आप एक्सरसाइज या योगा भी आराम से कर सकते हैं। अयोध्या में घूमने के लिए यह बहुत ही खूबसूरत और शांत जगहों में से एक है।

2. गुलाब बाड़ी

गुलाब बाड़ी अयोध्या का मशहूर गुलाबों से भरा हुआ बगीचा है। इस खूबसूरत गार्डन का निर्माण सन् 1750 ईस्वी में अवध के नवाब शुजा-उद-दौला के मकबरे के रूप मे किया गया था। यहाँ पर आपको साल भर हर किस्म के गुलाब देखने को मिल जाएंगे। गुलाबों की मीठी सुगंध, मकबरे में घुंसते ही आप महसूर कर सकते हैं। इस जगह को इमामबाड़ा भी कहा जाता है और यह फैज़ाबाद का सबसे बड़ा इमामबाड़ा माना जाता है। तो अगली बार गुलाबों के बीच आपको अपने दोस्तों के साथ अगर दिन गुज़ारना हो, तो यहाँ आना बिलकुल मत भूलिएगा।

3. बहु बेगम का मकबरा

बहु बेगम मकबरे का निर्माण सन् 1816 ईस्वी में शुजा-उद-दौला द्वारा किया गया था। उन्होंने अपनी पत्नी बहु बेगम की याद में इस मकबरे को बनवाया था। इसलिए यह खूबसूरत जगह अयोध्या के ताजमहल के नाम से भी मशहूर है। मकबरे में सफ़ेद संगमरमर से की गई खूबसूरत नक्काशी देखने लायक है, इसके साथ ही चारों ओर मौजूद हरियाली भी लोगों को काफी आकर्षित करती है। फैज़ाबाद के लोगों का मानना है कि इस मकबरे की असली खूबसूरती चांदनी रात में देखने को मिलती है, जब इसकी चमक दूर-दूर तक अपने निशान छोड़ रही होती है। तो अगली बार चांदनी रात के दिन इस मकबरे की खूबसूरती देखने ज़रूर जाइएगा।

4. सूरज कुंड

सूरज कुंड घाटों से घिरा एक बड़ा तालाब है जहाँ श्रद्धालुओं से लेकर पर्यटक बड़ी मात्रा में आते हैं। श्रद्धालु हर रविवार को कुंड में डुबकी लगाते हैं और सूर्य भगवान से अपने रोगों को दूर करने की कामना करते हैं। ऐसा माना जाता है कि अयोध्या के सूर्यवंशी शासकों ने सूर्य देव की पूजा करने के लिए इस कुंड का निर्माण किया था। हाल ही में उत्तर प्रदेश सरकार ने सूरज कुंड को पर्यटक स्थल बनाने का फैसला किया जिसके बाद से यह आसपास के क्षेत्रों में भी काफी मशहूर हो गया है। 8 छोटे- छोटे तालाबों से घिरा सूरज कुंड प्रकृति की खूबसूरती का एक उदाहरण है।

5. मोती महल

अयोध्या से कुछ किलोमीटर दूर बना मोती महल सन् 1743 ईस्वी में बना था। इतिहास बताता है कि ये महल रानी उन्म्तुजौरा का निवास स्थान था जो कि नवाब शिजा-उद-दौला की पत्नी थीं। इस महल को फैज़ाबाद में कई लोग पर्ल्स महल के नाम से भी जानते हैं। फैजाबाद में मोती महल एक इमारत के रूप में अपनी भव्यता और भारत में मुगलों के शासन के दौरान शहर में मौजूद नवाबी संस्कृति की समृद्ध विरासत की पहचान है। इस महल की खूबसूरती भारतीय पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों को भी बहुत लुभाती है। दूर-दूर से लोग इस महल को और इसमें बसी ऐतिहासिक संस्कृति को देखने आते हैं।

तो देखा आपने कितना सुन्दर है अयोध्या शहर! और सिर्फ यही नहीं, यह अपने विशेष व्यंजनों के लिए भी बहुत मशहूर है, तो अगली बार अगर अयोध्या आने की सोचियेगा तो इन सभी जगहों का लुत्फ़ उठाना बिलकुल मत भूलियेगा। संस्कृति और तहज़ीब से भरपूर अयोध्या आपके दिल में बस जाएगा।

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।