खबर लहरिया Blog MP: दो सगे भाइयों की सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान मौत, तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर 

MP: दो सगे भाइयों की सेप्टिक टैंक में सफाई के दौरान मौत, तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर 

एक बार फिर से सफाई के दौरान कोई सुविधा न होने के कारण दो मजदूर मौत के शिकार हो गए। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में 10 जून 2026 की शाम सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई।

मृतक और घायल को अस्पताल लाते हुए (फोटो साभार: दैनिक भास्कर)

बताया जा रहा है कि भगतसिंह वार्ड के निवासी ओमप्रकाश परमंडल के मकान में सेप्टिक टैंक का काम चल रहा था और इसी दौरान विजय पवार और संजय पवार की सेंट्रिंग का काम करते समय जहरीली गैस के चपेट में आ गए। 

बचाने गया साथी भी गैस की चपेट में 

शाम में दोनों भाई सेंट्रिंग निकालने गए हुए थे तभी संजय पवार सेप्टिक टैंक के नीचे उतरा लेकिन काफी समय के बाद वो वापस ऊपर नहीं आया और न ही कोई आवाज सुनाई दी जिसके बाद दूसरा भाई विजय पवार चिंता होने पर सेप्टिक टैंक के अंदर उतर गया लेकिन वो भी बाहर नहीं आ पाया। जब दोनों भाई काफी देर तक बाहर नहीं निकले तो उनके साथ काम कर रहे मजदूर मुकेश परिहार ने टैंक में थोड़ा अंदर जा कर देखा तो दोनों भाई अचेत अवस्था में पड़े दिखाई दिए। उन्होंने आसपास के लोगों को आवाज लगाई और फिर इसी दौरान खुद भी बेहोश हो गए। 

ये भी देखें – सीवर टैंक में सफाई के लिए उतरे दो मजदूरों की जहरीली गैस से हुई मौत

वहां मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा तीनों को अस्पताल पहुँचाया गया जिसके बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया गया और तीसरा मजदूर की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। 

एक महीने से बंद था सेप्टिक टैंक 

अधिकारियों के मुताबिक जांच में सामने आया कि जिस सेप्टिक टैंक में काम चल रहा था वो सेप्टिक टैंक करीब पिछले एक महीने से बंद था जिसके कारण उसमें जहरीली गैस जमा हो गई थी। एक को बचाने के पीछे दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर कोई सुरक्षा उपकरण या मास्क जैसे सुविधा उपलब्ध नहीं था। 

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद सूचना मिलने पर एसडीएम राजीव कहार, एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार अस्पताल पहुंचे। अधिकरियों द्वारा परिजनों से भी मुलाकात की गई। 

वहीं अस्पताल के बीएमओ डॉ. गजेन्द्र मीणा द्वारा बताया गया है कि शुरुआती तौर पर मौत का कारण दम घुटने और जहरीली गैस को बताया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मिलेगी जो अभी नहीं आया है। 

ये भी देखें – तीन महीने में 36 सफाई कर्मचारियों की सीवर सफाई के दौरान मौत

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते हैतो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *