खबर लहरिया चुनाव विशेष अयोध्या: मिलिए पहली बार प्रधान बनी सुनीता से, जो करना चाहती हैं महिलाओं का विकास

अयोध्या: मिलिए पहली बार प्रधान बनी सुनीता से, जो करना चाहती हैं महिलाओं का विकास

इस बार हुए पंचायत चुनावों के नतीजों में महिलाओं ने जम कर जीत हासिल की है, जिससे यह साफ़ ज़ाहिर होता है कि राजनीति के क्षेत्र में भी वो पुरुषों से बिलकुल भी पीछे नहीं हैं। आज हम आपको ऐसी ही एक महिला से मिलवाने वाले हैं जो पहली बार प्रधान पद के लिए चयनित हुई हैं। जिला अयोध्या के ब्लॉक तारुन के गाँव विजयनपुर सजहरा की रहने वाली सुनीता पहली बार प्रधान बनी हैं।

सुनीता का कहना है कि उनके पति और गाँव के लोगों के कहने पर वो चुनाव लड़ने के लिए तैयार हो गयी थीं। गाँव में किसी प्रकार का विकास न होते देख, उन्होंने ठानी कि अगर वो प्रधान बनती हैं तो सबसे पहले अपने गाँव का सम्पूर्ण विकास करेंगी। वार्ड सदस्यों की कमी के कारण अभी तक उनका शपथग्रहण नहीं हो पाया है, लेकिन सुनीता का कहना है कि जैसे ही शपथग्रहण हो जाता है वो गाँव के लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए प्रधान की कमान संभाल लेंगी।

सुनीता का कहना है कि गाँव में आवास, पानी का निकास आदि समस्या के साथ-साथ महिलाओं को पेंशन न मिल पाना, उनके पास किसी प्रकार रोज़गार न होने जैसी भी समस्याएं हैं। वो चाहती हैं कि गाँव की महिलाएं अपने पैरों पर खड़ी हों और आत्मनिर्भर बनें। वो महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा को रोकने और उन्हें इन्साफ दिलाने की पूरी कोशिश करेंगी। इसके साथ ही वो चाहती हैं कि अन्य गावों में चयनित हुईं महिला प्रधान भी महिलाओं की समस्याओं का हल निकालने की पूरी कोशिश करें ताकि गाँव की अन्य लड़कियां भी उनसे प्रेरणा ले सकें।

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।