खबर लहरिया ताजा खबरें महोबा: पहाड़ों में काम करने के दौरान एक और मजदूर की मौत

महोबा: पहाड़ों में काम करने के दौरान एक और मजदूर की मौत

महोबा जिला ब्लॉक कबरई कस्बा सराय गांधीनगर का रहने वाला डालचंद कुशवाहा घुंगरू पहाड़ पर तकरीबन ढाई महीने से काम कर रहा था। 23 जनवरी 2022 को दोपहर के 12 बजे अचानक पहाड़ से गिरने पर उसकी मौत हो गयी। कबरई के स्वास्थ्य केंद्र में उसके शव को रखा गया और इसकी सूचना परिवार मृतक के परिवार वालों को दी गयी।

मृतक की उम्र 30 साल थी। पहले वह किसानी करता था। जब किसानी में भी कुछ बढ़ोतरी नहीं हो रही थी तब वह पहाड़ में काम करने जाने लगा। वह ढाई घंटे पहाड़ काटने का काम करता था।

पुलिस द्वारा 24 जनवरी को पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेज दिया गया था। उसके बाद परिवार द्वारा शव का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक की पत्नी विनीता ने बताया कि उसने ठेकेदार सुकलाल, पट्टा धारक शब्बीर अली, अशोक, नरेश और जीतू यादव, कुल पांच लोगों के खिलाफ पंचनामा भरा है क्यूंकि यही लोग उसके पति को काम के लिए लेकर जाते थे। वह कहती है कि उसे नहीं पता की पुलिस क्या कार्यवाही कर रही है।

ये भी देखें – चित्रकूट : हर रोज़ काम की तलाश में मज़दूर निकल रहे प्रदेश की तरफ

उसने आगे कहा, वह लोग मज़दूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पास मकान भी नहीं है। वह किराये के घर में रहती हैं। उन्हें सरकार की तरफ से कुछ न कुछ मिलना चाहिए। वह अपने बच्चों को कैसे पालेंगी।

मामले को लेकर कबरई थाने के बड़े दरोगा कमोन्द्र सिंह ने खबर लहरिया को ऑफ कैमेरा बताया कि 304ए के तहत मुकदमा दर्ज़ किया गया है। तहरीर के अनुसार पांच लोगों पर कार्यवाही की जा रही है फिलहाल अभी पोस्टमॉर्टेम की रिपोर्ट नहीं आई है।

आपको बता दें, यह कोई पहला मामला नहीं है। ब्लॉक कबरई “कबरई मंडी पत्थर” के नाम से जानी जाती है। यहां पर आये दिन मज़दूरों की मौत होने के मामले सामने आते ही रहते हैं। आखिर में सिर्फ समझौता होता है क्यूंकि मज़दूर खुद कार्यवाही नहीं करवाना चाहते हैं। उनके पास इतने पैसे नहीं होते कि वह लंबी लड़ाई लड़ सकें। वहीं मालिकों के पास पैसे होते हैं जिसे देकर वह कोट-कचहरी से छूट जाते हैं।

ये भी देखें – चित्रकूट: पहाड़ की ब्लास्टिंग से घरों में गिर रहे पत्थर के टुकड़े

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)