खबर लहरिया Blog T20 World Cup 2022 : भारतीय नामों की हुई घोषणा, जानिये किन खिलाड़ियों को मिली टीम में जगह

T20 World Cup 2022 : भारतीय नामों की हुई घोषणा, जानिये किन खिलाड़ियों को मिली टीम में जगह

16 अक्टूबर 2022 से टी-20 विश्व कप (T20 World Cup) 2022 की होगी शुरुआत। भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होना है। ये मुकाबला मेलबर्न में खेला जाएगा।

Indian squad announced for T20 World Cup 2022, know which players got a place in the team

                                                                                               साभार – सोशल मीडिया

ऑस्ट्रेलिया की सरज़मीन पर अगले महीने 16 अक्टूबर 2022 से टी-20 विश्व कप (T20 World Cup) 2022 की शुरुआत होनी है। इस विश्व कप में हिस्सा लेने वाली सभी देशों की टीम ने अपने-अपने बेहतरीन खिलाड़ियों की टीम बना ली है। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी टी-20 विश्व कप में खेले जाने वाले भारतीय खिलाड़ियों के नामों की घोषणा कर दी है। इस विश्व कप की कमान भारतीय कप्तान रोहित शर्मा संभालेंगे।

रोहित ने इससे पहले हाल ही में हुए एशिया कप 2022 में भी कप्तानी की थी। हालांकि, भारत इसमें सेमी-फाइनल तक भी नहीं पहुँच पाई थी। जिसके बाद क्रिकेट के चाहने वाले काफी उदास थे और टीम के चुनाव से निराश नज़र आ रहे थे। लेकिन अपने आखिरी मैच में भारतीय टीम ने अपने इस साल के एशिया कप का सफर खत्म करते हुए क्रिकेट प्रेमियों को एक जीत के साथ ख़ुशी दी थी।

अफ़ग़ानिस्तान के साथ हुए आखिरी मैच में विराट कोहली ने नाबाद 122 रनों की पारी खेली और इसके साथ ही अपना पहला इंटरनेशनल टी-20 शतक भी जड़ा। जिसका इंतज़ार कब से कोहली के सभी फैंस को था और खुद कोहली को भी। इसमें फ़ास्ट-आर्म बॉलर भुवनेश्वर कुमार ने भी 5 विकटें झटकी और सामने वाली टीम की कमर तोड़ दी। हालांकि, भारतीय टीम एशिया कप को हाथ नहीं लगा पाई लेकिन जाते-जाते उनकी इस जीत ने क्रिकेट प्रेमियों के चेहरे पर एक मुस्कान छोड़ दी।

बता दें, एशिया कप में शामिल खिलाड़ियों को टी-20 विश्व कप के स्क़ॉड में भी जगह दी गयी है।

23 अक्टूबर को T20 WC में भारत का पहला मैच

टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ होना है। ये मुकाबला मेलबर्न में खेला जाएगा। दोनों टीमें ग्रुप 2 का हिस्सा हैं। भारत को पाकिस्तान के बाद साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के अलावा दो अन्य टीमों से भी लड़ना है, जिनका ऐलान ग्रुप स्टेज के मैचों के बाद होगा। मुख्य मुकाबलों से पहले भारतीय टीम दो अभ्यास मैच भी खेलेगी।

तेज़ गेंदबाज़ों की हुई वापसी

टी-20 विश्व कप में कप्तान रोहित शर्मा के साथ केएल राहुल आपको उप कप्तानी करते हुए नज़र आयेंगे। वहीं चोट की वजह से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल की टीम में वापसी हुई है।

बता दें, एशिया कप के दौरान चोटिल होने वाले रविंद्र जडेजा को टीम में नहीं रखा गया है।

विकेटकीपर बैट्समैन को मिली जगह

ऋषभ पंत की एशिया कप में फॉर्म को लेकर काफी सवाल उठाये जा रहे थे कि उनका चयन विश्व कप के लिए होगा या नहीं। चयनकर्ताओं द्वारा भरोसा जताते हुए ऋषभ को टीम में जगह दी गयी है। वहीं दिनेश कार्तिक को भी टीम में शामिल किया गया है। दोनों ही खिलाड़ी विकेटकीपर बैट्समैन हैं। संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिल पाई है।

टी-20 विश्व कप के स्टैंडबाई खिलाड़ियों के नाम

मोहम्मद शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई और दीपक चाहर को स्टैंडबाई खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है। बता दें शमी ने अपना पिछला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच नवंबर 2021 में विश्व कप में खेला था।

जानें टी-20 विश्व कप तक भारत का शेड्यूल

एशिया कप के खत्म होने के बाद अब भारतीय टीम तीन टी-20 मैचों की सीरीज़ के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। यह सीरीज़ 20 से 25 सितंबर तक खेली जाएगी।

इस सीरीज़ के खत्म होते ही भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका तीन वनडे और तीन टी-20 के लिए भारत का दौरा करेगी। यह टी-20 सीरीज 28 सितंबर से टी-20 सीरीज शुरू होगी। वहीं 06 अक्टूबर से वनडे सीरीज खेली जाएगी।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के लिए टीम इस प्रकार है

ICC T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।

रिजर्व खिलाड़ी: मो. शमी, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई, दीपक चाहर।

एशिया कप में भारतीय टीम को मिली हार के बाद सभी क्रिकेट प्रेमियों द्वारा भारतीय टीम से यह विश्व कप जीतने की उम्मीद जताई जा रही है जिसे लेकर टीम पर भी काफी दबाव है। बता दें, टीम इंडिया ने आखिरी ICC खिताब साल 2013 में ही जीता था। उस समय महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी जीती गयी थी।

ये भी पढ़ें – Commonwealth Games 2022 : निखत ज़रीन के बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल के साथ जुड़ा है संघर्ष, जानें और किन खेलों में भारत ने जीता मेडल