खबर लहरिया Hindi India vs West Indies, 2nd ODI: शुभमन गिल का तूफानी दोहरा शतक, वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की बड़ी जीत

India vs West Indies, 2nd ODI: शुभमन गिल का तूफानी दोहरा शतक, वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की बड़ी जीत

30 सितम्बर 2026 को भारत बनाम वेस्टइंडीज (India vs West Indies) के बीच दूसरे वनडे मैच (2nd ODI) में शुभमन गिल के दोहरे शतक ने भारत को जीत दिलाई। इसी के साथ भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2 मैच जीतकर यह सीरीज भी अपने नाम कर ली है। शुभमन गिल ने नाबाद 223 रन बनाए और वीरेंद्र सहवाग के 219 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

भारत बनाम वेस्टइंडीज के दूसरे वनडे में शुभमन गिल 200 रन पूरे करने के बाद (फोटो साभार: बीसीसीआई)

भारत और वेस्टइंडीज के बीच कल बुधवार 30 सितम्बर को दूसरा वनडे मैच खेला गया। यह मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। यह मैच काफी रोमांचक रहा। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 405 रन बनाए। यह एक बड़ा स्कोर था जिसे भारत के लिए बनाना मुश्किल हो सकता था लेकिन कप्तान शुभमन की बल्लेबाजी और समझदारी ने भारत को इतने बड़े स्कोर के बावजूद जीत दिलाई। जवाब में भारत ने सिर्फ 43.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 406 रन बनाकर 8 विकेट से शानदार जीत हासिल कर ली।

वेस्टइंडीज़ के बल्लेबाजों में तीन खिलाड़ियों ने बनाया शतक

वेस्टइंडीज़ ने अपना पहला 400 से ज़्यादा ODI टोटल बनाया। इस मैच में वेस्टइंडीज के खिलाड़ी जॉन कैंपबेल, शाई होप और आमिर जंगू सभी ने सेंचुरी बनाईं थी जिसकी वजह से टीम ने जीत के लिए इतना बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।

गेंदबाजी में भारत को करना पड़ा संघर्ष

बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा हुई। वेस्टइंडीज ने 405 रन बना दिए, इसलिए भारत की गेंदबाजी उम्मीद के मुताबिक प्रभावी नहीं रही। हालांकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट लेकर टीम को अहम सफलता दिलाई। कुलदीप ने इस मैच में वनडे क्रिकेट के 200 विकेट भी पूरे किए। वह सबसे तेज 200 वनडे विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर और कुल मिलाकर इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे सबसे तेज स्पिनर बने। उन्होंने 123 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की।

रोहित शर्मा और शुभमन गिल की ओपनिंग पारी रही महत्वपूर्ण

मैदान पर खेलने उतरे भारतीय खिलाड़ी रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने शुरू से ही तेजी से रन बनाए और मैदान पर 200 रन पार होने तक टिके रहे। रोहित शर्मा ने 75 गेंदों में 101 रन बनाए। उनकी पारी में चौके और छक्कों की शानदार बरसात देखने को मिली।

शुभमन गिल और रोहित ने पहले विकेट के लिए 255 रन की साझेदारी की, जो भारत की जमीन पर सफल रन चेज में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी बन गई। रोहित ने इस पारी के दौरान वनडे क्रिकेट में अपने 12 हजार रन भी पूरे किए और 35वां वनडे शतक लगाया।

भारत बनाम वेस्टइंडीज के दूसरे वनडे मैच में रोहित शर्मा और शुभमन गिल की 255 रन की साझेदारी (फोटो साभार: बीसीसीआई)

शुभमन गिल ने बनाए कई रिकॉर्ड

भारत की जीत के सबसे बड़े हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे। गिल ने ऐसी पारी खेली, जिसने इस मैच को यादगार बना दिया। उन्होंने सिर्फ 133 गेंदों में नाबाद 223 रन बनाए। उनकी पारी में 26 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 167 से ज्यादा रहा। उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच भी चुना गया।

भारत बनाम वेस्टइंडीज के मैच में शुभमन गिल का दूसरी बार दोहरा शतक (फोटो साभार: बीसीसीआई)

गिल ने केवल 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया और वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम था, जिन्होंने 126 गेंदों में दोहरा शतक लगाया था।
यह गिल का वनडे क्रिकेट में दूसरा दोहरा शतक है। इसके साथ ही वह रोहित शर्मा के बाद वनडे में दो दोहरे शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।
गिल ने सफल रन चेज में सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का भारतीय रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इतना ही नहीं, भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे तेज वनडे शतक लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने बनाया। गिल ने 62 गेंदों में शतक पूरा किया।

वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा

कप्तान शुभमन गिल ने वीरेंद्र सहवाग का 219 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। सहवाग ने साल 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर वनडे में 219 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। उस समय सहवाग वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हुए थे।

वेस्टइंडीज की सबसे बड़ी कमी बनी गेंदबाजी

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने 405 रन बनाकर भारत पर दबाव बनाने का मौका जरूर बनाया, लेकिन गेंदबाज उस स्कोर का बचाव नहीं कर सके। भारतीय ओपनरों के सामने उनकी लाइन और लेंथ लगातार बिगड़ती रही और खराब गेंदों का गिल-रोहित ने जमकर फायदा उठाया।

भारत के साथ अब तीसरा और अंतिम वनडे मैच 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। इस मैच का लाइव आप जिओ हॉटस्टार की वेबसाइट और एप पर देख सकते हैं।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *