खबर लहरिया Blog दहेज़ प्रताड़ना: दहेज़ के लिए पत्नी को घर से निकाला बाहर, न्याय की गुहार

दहेज़ प्रताड़ना: दहेज़ के लिए पत्नी को घर से निकाला बाहर, न्याय की गुहार

बाँदा शहर की एक महिला जो ससुराली जनों द्वारा दहेज़ प्रताड़ना का शिकार हुई है। अपने बच्चे और अपना हक़ पाने के लिए बांदा एसपी से न्याय की गुहार कर रही है।

बांदा जिला के बांदा शहर की रहने वाली गोलू ने बताया है कि 2016 में उनकी शादी अतर्रा गांव निवासी महेश के साथ हुई थी। उनके एक लड़का है दूसरा पेट में है। गोलू के पति महेश दहेज के कारण गोलू को काफी प्रताड़ित करते थे। और एक दिन तो उन्होंने गोलू को मारकर घर से निकाल दिया। वह अपने मायके में मां- पिता के साथ मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं। वह धमकी देते हैं हैं कि वह उनके बच्चों को बर्वाद कर देंगे।

ये भी देखें – गाँव के दबंग ने किया दलित नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार

पचास हजार रूपये और मोटर साइकिल की मांग

गोलू ने बताया कि इस सिलसिले से वह तंग आ चुकी हैं वह चाहती हैं कि उन्हें न्याय मिले। 25 अक्टूबर 2021 को बांदा एसपी को एप्लीकेशन देकर न्याय की मांग की है। एप्लीकेशन में उन्होंने लिखा है कि उनका पति महेश दारू पीता है और दूसरे के कहने पर उन्हें मारता-पीटता है। उनके पिता किसान हैं और उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी की थी। अब उनकी हैसियत नहीं है कि वह दहेज़ में 50, 000 रुपया और एक गाड़ी दे पायें।

ससुराल वालों के खिलाफ करेंगे अनशन

गोलू की मां काली ने बताया है कि उन्होंने अपने शक्ति अनुसार खूब दान दहेज दिया है। महेश दहेज का लोभी है वह गरीब हैं इतना दहेज कहाँ से देंगी। रोज की मजदूरी करने और खाने वाले लोग इतना रुपया कहाँ से लायेंगे। महेश ने लड़की को मारपीट करके ससुराल से निकाल दिया है। एक बच्चा है दूसरा पेट में पल रहा है ऐसे में वह कहाँ जाये। इसलिए वह अपनी बेटी को लेकर बांदा एसपी को ज्ञापन देने आई हैं। उनका कहना है अगर उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह ससुराल वालों के खिलाफ अनशन पर बैठ जाएँगी।

ये भी देखें – महोबा: 5 महीने से दहेज को लेकर हुई हिंसा पर कार्यवाही के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता

दहेज़ के आरोप को बताया झूठा

महेश गोलू के पति का कहना है कि उनके पर लगाया गया दहेज का आरोप झूठा है। वह घर का काम नहीं करती थी न ही किसी की बात सुनती थी। थोड़ी सी बाता कहनी पर वह अपने मायके चली गई हैं। वह लेने गये थे लेकिन उनके पिता ने उन्हें नहीं भेजा है। महेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चे को रखना चाहते हैं वह नहीं चाहते हैं की उनके बच्चों की जिन्दगी बर्वाद हो। वह अपने बाल बच्चों का भविष्य बनाना चाहते हैं। अगर वह कानूनी कार्यवाही करना चाहते हैं तो करें लेकिन वह अपने पत्नी बच्चे को अपने साथ रखना चाहते हैं।

अभिनंदन सिंह बांदा एसपी का कहना है कि इस मामले की जांच के लिए आदेश कर दिया गया है। जाँच के बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे उस हिसाब से न्याय दिलाया जाएगा।

इस खबर की रिपोर्टिंग शिव देवी द्वारा की गयी है।

ये भी देखें – दहेज़ के कारण मारपीट कर घर से निकालने का आरोप

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)