खबर लहरिया Blog दिल्ली MCD : केंद्र ने तीन नगर निगमों को एक करने की दी मंज़ूरी

दिल्ली MCD : केंद्र ने तीन नगर निगमों को एक करने की दी मंज़ूरी

कैबिनेट की बैठक में केंद्र सरकार ने आज दिल्ली के तीनो नगर निगमों को एक करने की मंज़ूरी दे दी है।

credit -Navbharat Times

दिल्ली : कैबिनेट की बैठक में केंद्र सरकार ने आज दिल्ली के तीनो नगर निगमों को एक करने की मंज़ूरी दे दी है। इससे पहले केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग को दिल्ली के नगर निगमों को एक करने के लिए चिट्ठी लिखी थी और दिल्ली MCD चुनाव को टालने के लिए कहा था। जिस पर आम आदमी पार्टी ने कहा था कि भाजपा को हारने का डर है इसलिए वह चुनाव को टालने के लिए यह सब कर रही है। बता दें, 10 मार्च 2022 को आये विधानसभा चुनाव परिणाम में आप पार्टी को पंजाब में बहुमत मिली थी।

‘दिल्ली नगर निगम संशोधन अधिनियम 2022’ के तहत निगमों को एक करने की मंजूरी दी है। संशोधन अधिनियम मौजूदा तीन निगमों को मिलाकर दिल्ली के एक एकीकृत नगर निगम का प्रावधान करता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली MCD चुनाव टालने के लिए केंद्र सरकार चुनाव आयोग पर डाल रहा दबाव – दिल्ली सीएम

मेयर का बढ़ सकता है कार्यकाल

तीनों नगर निगमों को एक करने के साथ ही अब सिर्फ 272 वार्ड ही रखे जाएंगे। इसके साथ ही मेयर का कार्यकाल बढ़ाकर कम से कम ढाई वर्ष भी किया जा सकता है।

जानें कब बने थे तीन नगर निगम

साल 2012 में नगर निगम चुनाव से पहले दिल्ली नगर निगम को तीन भागों में बांट दिया गया था। इसे तीन निगमों दक्षिण एमसीडी, उत्तर नगर निगम और पूर्वी नगर निगम में बांटा गया था।

जानकारी के अनुसार, साल 2011 में जब दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित थीं तो उन्होंने भी दिल्ली विधानसभा में एक प्रस्ताव पास किया था जिसे केंद्र सरकार ने अपनी मंज़ूरी दे दी थी। MCD का बंटवारा दिसंबर 2011 में विधानसभा से पारित दिल्‍ली नगर निगम (संशोधन) अधिनियम के तहत किया गया था। इसके बाद तीनों नगर निगमों का पहली बार चुनाव साल 2012 में हुआ था। उस समय दिल्ली और केंद्र दोनों जगहों पर कांग्रेस पार्टी की सरकार थी और नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का कब्ज़ा था।

18 मई से पहले कराने होंगे नगर न‍िगम चुनाव

आपको बता दें, राज्य चुनाव आयोग को 18 मई 2022 तक एमसीडी चुनाव कराने हैं। आयोग को चुनाव कराने के लिए कम से कम 29 से 30 द‍िन पहले चुनावों की घोषणा करनी होती है।

ये भी देखें – यूपी : अखिलेश यादव ने लोकसभा सदस्यता से दिया इस्तीफ़ा

जानें नगर निगम चुनाव को लेकर क्या है पूरा मामला

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने एक ट्वीट में कहा था,’ 9 मार्च 2022 को दिल्ली चुनाव आयोग ने एक प्रेस इनविटेशन भेजा कि आज शाम 5 बजे MCD चुनावों की तारीखों का ऐलान करेगा। केंद्र सरकार ने 4 बजे चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखी कि हम दिल्ली के तीनों नगर निगमों को एक नगर निगम बनाने जा रहे हैं।”

इसके साथ ही 11 मार्च 2022 को दिल्ली के सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विनती करते हुए कहा था कि वह MCD का चुनाव न टालें। सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ”लोग कह रहे हैं कि MCD को एक करना तो बहाना है, मकसद चुनाव टालने का है। भाजपा को लग रहा था कि अगर दिल्ली में अभी चुनाव होगा तो आम आदमी पार्टी की लहर है, भाजपा चुनाव हार जाएगी: दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल” – एएनआई की रिपोर्ट

अब केंद्र ने तो तीनों नगर निगमों को एक करने की मंज़ूरी दे दी है पर यहां सवाल है कि क्या दिल्ली MCD चुनाव समय से हो पाएंगे? साथ ही जब से केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग को चुनाव टालने के लिए चिट्ठी लिखी थी तब से ही भाजपा और आप पार्टी में गर्मा-गर्मी देखने को मिल रही है।

ये भी देखें – अयोध्या: दिल्ली में पढ़ा युवा, बच्चों को दे रहा निःशुल्क शिक्षा

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें

If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke