खबर लहरिया Blog चित्रकूट: 90 साल की बुजुर्ग महिला से बलात्कार का मामला आया सामने

चित्रकूट: 90 साल की बुजुर्ग महिला से बलात्कार का मामला आया सामने

चित्रकूट के एक गाँव में बुज़ुर्ग महिला के साथ बलात्कार करने का मामला सामने आया है।

सरकार एक तरफ महिलाओं पर होने वाले क्राइम रोकने की बात करती है और जिस तरह नारी शक्ति के तहत हर जिले में महिलाओं को जागरूक कर रही है, उसी तरह पुरूषों को जागरूक क्यों नहीं करती? अगर पुरूषों को भी थोड़ा महिलाओं का सम्मान करना सिखाए तो शायद समाज में पुरुषों द्वारा महिलाओं पर की जाने वाली हिंसा पर कुछ हद तक रोक लग सकती है।

अक्सर समाज के ठेकेदारों, नेताओं को कहते सुना गया है कि रेप की जिम्मेदार खुद महिला, लड़की होती है क्योंकि वह छोटे कपड़े पहनती है जिससे पुरुष आकर्षित होते हैं। पर क्या दो साल की बच्ची सूट और साड़ी पहनेगी? घूंघट या बुर्के में रहेगी? एक 90 साल की बुजुर्ग महिला को अपने ही गांव, घर के लोगों से पर्दा करना होगा?

क्या है पूरा मामला

4 जुलाई को चित्रकूट जिले के पहाडी थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला सामने आया था। जिसमें 90 साल की एक बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया था कि वह आम के पेड़ की रखवाली कर रही थी। रात में गाँव के ही छग्गू ने पीछे से आकर महिला को दबोच लिया और उसके साथ गलत काम किया। महिला ने बताया कि वह हर साल अपने आम के पेड़ की रखवाली करती हैं। और इस साल भी पेड़ की रखवाली करने गई थी। शिकायतकर्ता ने पहाड़ी थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जान से मारनी की मिली धमकी

बुजुर्ग महिला ने बताया की जब उन्होंने उस व्यक्ति को पहचान लिया और कहा की वह उसके खिलाफ ठाणे में शिकायत करेंगी तो आरोपी छग्गू ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी बुजुर्ग महिला थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर अपनी दास्तान सुनाई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस शर्मनाक घटना से आरोपी के खिलाफ ग्रामीणों में गुस्सा है।

राम आश्रय यादव पहाड़ी थाना प्रभारी ने बताया की महिला पेड़ के नीचे झोपड़ी बनाकर आम की रखवाली करती है। तीन जुलाई की रात उसके साथ यह घटना घटी। बुजुर्ग महिला की शिकायत पर उन्होंने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहाड़ी थाने में धारा 376 लगाई गई है।

इस खबर की रिपोर्टिंग नाज़नी रिज़वी द्वारा की गयी है।

कोविड से जुड़ी जानकारी के लिए ( यहां ) क्लिक करें।