खबर लहरिया Blog बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा: बिहार पुलिस भर्ती के लिए आज से चलेंगी 14 स्पेशल ट्रेन, अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद 

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा: बिहार पुलिस भर्ती के लिए आज से चलेंगी 14 स्पेशल ट्रेन, अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद 

बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा (मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा) को देखते हुए रेलवे ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 16 और 17 जून को स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। यह परीक्षा 17 जून को बिहार में अलग अलग जिलों में परीक्षा केंद्र पर आयोजित की जाएगी। इससे पहले रविवार 14 जून को पाटिलीपुत्र रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की कमी को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा कथित तौर पर ट्रेन रोकने, पथराव और हंगामा करने की तस्वीर सामने आई थी। बताया जा रहा है इसी को देखते हुए मध्य रेलवे ने 14 स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

फोटो साभार: मध्य रेलवे

मध्य रेलवे ने कहा है कि इन ट्रेनों से उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी। रेल प्रशासन के अनुसार 16 जून की रात पटना एवं पटना साहिब क्षेत्र से सीमांचल, मिथिलांचल, चंपारण और मगध क्षेत्र के लिए पांच स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

16 जून को चलने वाली स्पेशल ट्रेनें

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए 16 जून की रात पांच परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पाटलिपुत्र से शाम 8 बजे किशनगंज के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी, जो बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार होते हुए पहुंचेगी। पटना से रात 9 बजे नरकटियागंज के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी, जिसका मार्ग पाटलिपुत्र, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, चकिया, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया होगा। इसके अलावा, पाटलिपुत्र से रात 10 बजे अररिया के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जो बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया और कटिहार मार्ग से गुजरेगी। पाटलिपुत्र से रात 11 बजे नवगछिया के लिए भी एक स्पेशल ट्रेन संचालित होगी, जो बेगूसराय और खगड़िया होते हुए जाएगी। वहीं, पटना से रात 11:30 बजे भभुआ के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी, जो तारेगना, जहानाबाद, गया, डेहरी-ऑन-सोन और सासाराम मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेगी। स्पेशल ट्रेन की जानकारी के लिए आप नीचे दिए गए वीडियो को भी देख सकते हैं। 

17 जून को चलने वाली स्पेशल ट्रेनें

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों की वापसी को ध्यान में रखते हुए 17 जून को 9 विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। पटना से सुबह 7:15 बजे गयाजी के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। बक्सर से दोपहर 1:30 बजे दानापुर के लिए और शाम 6 बजे पटना के लिए विशेष ट्रेनें रवाना होंगी। वहीं, किऊल से दोपहर 12:30 बजे गयाजी के लिए विशेष ट्रेन शेखपुरा और नवादा मार्ग से संचालित होगी, जबकि गयाजी से शाम 5:30 बजे किऊल के लिए वापसी विशेष ट्रेन चलेगी। इसके अलावा बख्तियारपुर से सुबह 8 बजे राजगीर के लिए विशेष ट्रेन बिहार शरीफ और नालंदा होते हुए रवाना होगी तथा राजगीर से दोपहर 1 बजे बख्तियारपुर के लिए वापसी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। साथ ही, बख्तियारपुर से शाम 3:30 बजे राजगीर के लिए और राजगीर से शाम 6:15 बजे बख्तियारपुर के लिए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया जाएगा। 

ट्रेन से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए आप पूर्वी मध्य रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या तो रेल वन एप पर जाकर देख सकते हैं।    

बिहार पुलिस भर्ती को लेकर ट्रेनों में भीड़ और हंगामा 

पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर 14 जून को उस समय हंगामा हो गया, जब बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती (बिहार पुलिस मद्य निषेध सिपाही भर्ती) परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थी स्टेशन पर पहुंच गए। अभ्यर्थियों का आरोप था कि परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं थीं, जिसके कारण स्टेशन पर भारी भीड़ जमा हो गई। 13 जून की रात से ही बड़ी संख्या में छात्र स्टेशन पर पहुंचने लगे थे। कई अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ा, लेकिन ट्रेन में चढ़ने तक की जगह नहीं मिली।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *