खबर लहरिया Blog अयोध्या : गर्भवती महिला की चाकू मारकर की हत्या, हमलावर गिरफ़्त से बाहर

अयोध्या : गर्भवती महिला की चाकू मारकर की हत्या, हमलावर गिरफ़्त से बाहर

घर में अकेला पाकर अज्ञातों ने पांच माह से गर्भवती महिला की करी हत्या।

ayodhya police station

अज्ञात व्यक्ति द्वारा घर में घुसकर गर्भवती महिला की चाक़ू मारकर हत्या कर दी गयी। महिला पांच माह से गर्भवती थी। यह घटना 1 जून 2022, अयोध्या जिले के श्रीरामपुरम कॉलोनी की है।

कोतवाली क्षेत्र के श्रीरामपुरम कॉलोनी में रहने वाली मृतिका सुप्रिया वर्मा अध्यापिका थीं। जब हत्या हुई तो उस समय वह घर में अकेली थीं। मामले को लेकर एसपी सिटी विजय पाल सिंह ने बताया कि टीमें गठित कर दी गयी हैं। जल्द ही हमलावर पकड़े जाएंगे।

ये भी देखें – सम्मान और सुरक्षा मौलिक अधिकार फिर सेक्स वर्कर्स के संबंध में आधिकारिक बयान की ज़रुरत क्यों?

घर आने पर खून से सनी मिली पत्नी – मृतिका का पति

मृतिका के पति उमेश कुमार वर्मा भी अध्यापक हैं। पति ने बताया कि वह सुबह 10:10 पर बैंक गए हुए थे। जब वह तकरीबन 11 बजे घर पहुंचे और घर का दरवाज़ा खोला तो उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी खून से लथपथ थी। वह जल्दी से उसे अस्पताल लेकर जाते हैं और वहां डॉक्टरों द्वारा सुप्रिया को मृत घोषित कर दिया जाता है।

डॉक्टर ने निशान से किया हत्या का खुलासा

इसके साथ ही हमले की बात तब सामने आयी जब डॉक्टर मृतिका का चेहरा साफ़ कर रहे थे। इस दौरान गले पर दो-तीन धारदार चीज़ से वार किये हुए निशान दिखाई दिए, जिसके बाद यह सामने आया है कि महिला की चाक़ू से हत्या की गयी है।

पति का कहना था कि पहले उन्हें लगा कि शायद मिसकैरेज होने की वजह से मृतिका का खून बहा है। वह आगे कहते हैं कि उनका किसी से कोई झगड़ा या कोई रंजिश नहीं थी।

ये भी देखें – बांदा : छेड़खानी के एक और मामले में कार्यवाही में हो रही देरी। जासूस या जर्नलिस्ट

जल्द ही होंगे आरोपी गिरफ़्तार – एसपी सिटी

मामले को लेकर खबर लहरिया ने एसपी सिटी विजय पाल सिंह से बात की। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में सारे पहलुओं की जांच करके बॉडी को पोस्टमॉर्टेम के लिए भेजा गया है। घटना के आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें जांच के लिए बनाई गयी है। अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे देखें जा रहे हैं। जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी और उनकी गिरफ़्तारी जल्द ही की जायेगी।

गर्भवती महिला की हत्या करने को संघीन अपराधों में गिना जा सकता है लेकिन यहां जो सबसे जघन्य चीज़ है वह है महिलाओं की सुरक्षा की बात करने वाली सरकार, जो राज्य में अभी तक महिलाओं के प्रति बढ़ते क्राइम को कुछ हद तक भी रोक पाने में नामकामयाब रही है।

इस खबर की रिपोर्टिंग कुमकुम यादव द्वारा की गयी है। 

ये भी देखें – “स्टॉप रेपिंग अस”, यूक्रेन में हो रहे बलात्कार के खिलाफ महिला ने अर्धनग्न होकर किया प्रोटेस्ट