खबर लहरिया Blog असम : बाढ़ से 6.62 लाख लोग प्रभावित, 48 घंटो के लिए स्कूल भी किये गए बंद

असम : बाढ़ से 6.62 लाख लोग प्रभावित, 48 घंटो के लिए स्कूल भी किये गए बंद

असम में लगातार बारिश और भूस्खलन की वजह से अभी तक 27 जिलों में 6.62 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं।

credit – Jagran Josh

असम इस समय बाढ़ की स्थिति से गुज़र रहा है। लगातार बारिश और भूस्खलन की वजह से अभी तक असम के 27 जिलों में 6.62 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो चुके हैं। इसके अलावा आज सुबह जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (सिलचर) द्वारा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एक नोटिस ज़ारी किया गया है। सूचना के अनुसार, कछार ज़िला प्रशासन ने ज़िले के सभी शैक्षणिक संस्थानों (सरकारी और निजी) और गैर जरूरी निजी प्रतिष्ठानों को 48 घंटे के लिए 19 और 20 मई तक स्कूल बंद करा दिए हैं।

Credit – Times of India

ये भी देखें – ज्ञानवापी मस्जिद : सामाजिक व धार्मिक मुद्दों के बीच अदालत व प्रमुखता

असम में बाढ़ से जुड़ी ज़रूरी बातें व अपडेट

Credit – Forbes India (Photo by Biju BORO / AFP)

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि नागांव जिले के लगभग 2.88 लाख लोग, कछार के 1.19 लाख लोग, होजई के 1.07 लाख लोग, दरांग में 60,562, बिश्वनाथ में 27,282 और उदलगुरी जिले में 19,755 लोग अभी तक बाढ़ से प्रभावित है।

– अभी तक बाढ़ से 9 लोगों की मौत हो चुकी है।

credit – News Live TV

– असम के अलग-अलग जिलों में अभी तक 135 राहत शिविर लगाए गए हैं, जिसमें 48,000 से भी अधिक लोगों ने शरण ली है। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ज़रूरी वस्तुओं की कोई कमी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 113 वितरण केंद्र स्थापित किए गए हैं।

– असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार ने बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए 150 करोड़ रुपये ज़ारी किए हैं। इसके साथ ही केंद्र ने बाढ़ राहत उपायों के तहत राज्य के लिए 1,000 करोड़ रुपये की भी मंज़ूरी दी है।

– लगातार बारिश और भूस्खलन ने असम की बराक घाटी और दीमा हसाओ जिले व पड़ोसी राज्येन त्रिपुरा, मिज़ोरम और मणिपुर की रेल व सड़क सम्पर्क को बाधित कर दिया है।

– वायु सेना द्वारा दीमा हसाओ में बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक आपूर्ति की चीज़ें मुहैया कराई जा रही है।

credit – India Today

– असम के सीएम ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ज़रूरी वस्तुओं की आपूर्ति बनाये रखने और संचार माध्यमों को बहाल करने के लिए ज़रूरी कदम उठा रही है। आगे कहा कि, ‘रेल संपर्क को बहाल होने में लगभग 45 दिन लगेंगे, जबकि सड़क संपर्क अगले दो-तीन दिनों में चालू हो जाएगा।’

– असम सरकार ने बराक घाटी में फंसे लोगों की मदद और उड़ानें संचालित करने के लिए क्षेत्रीय वाहक फ्लाईबिग एयरलाइन के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किया है। टिकट की कीमत 3 हज़ार रूपये तय की गयी है। इसके आलावा जो भी अतिरिक्त शुल्क होगा, उसका वहन सरकार करेगी।

– बुधवार, 18 मई 2022 को विभिन्न बाढ़ प्रभावित जिलों से भारतीय सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीमों द्वारा 8,054 लोगों को बचाया गया है।

– असम वन विभाग ने बाढ़ के दौरान काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और अन्य जंगलों के जानवरों को आश्रय देने के लिए लगभग 40 उच्चभूमियों का निर्माण कराया है।

– केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भी भरोसा दिया है।

अभी भी असम राज्य में बाढ़ की स्थिति कम नहीं हुई है। हज़ारो, लाखों लोग अभी भी फंसे हुए हैं। बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए सरकार हरसंभव मदद करती नज़र आ रही है। आने वाले दिनों में आपूर्ति संसाधन, सुविधाएँ आदि किस प्रकार से रहेंगी, राज्य को बाढ़ से कितना नुकसान झेलना पड़ा आदि चीज़ें सवाल के रूप में आगे सामने आएंगी।

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें
If you want to support our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our premium product KL Hatke