खबर लहरिया Hindi Air pollution during Diwali & accidents: दिवाली और दिवाली के बाद दिल्ली का हाल, जाने दिवाली और प्रदूषण से जुड़ी घटनाओं के बारे में 

Air pollution during Diwali & accidents: दिवाली और दिवाली के बाद दिल्ली का हाल, जाने दिवाली और प्रदूषण से जुड़ी घटनाओं के बारे में 

दिवाली की रात आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा, लेकिन इस जश्न का धुआं अगले दिन लोगों के लिए परेशानी बन गया। पटाखों से निकले धुएं और बढ़ते प्रदूषण का असर अब देश के कई शहरों की हवा में साफ दिखाई दे रहा है। AQI.in की 9 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के 99 शहर शामिल थे। पटाखों के धुएं का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। कई जगहों से सांस लेने में परेशानी, खांसी, जुकाम और आंखों में जलन की शिकायतें सामने आई हैं। इसके अलावा, पटाखों की वजह से आग लगने, लोगों के घायल होने और मौत जैसी घटनाएं भी हुई हैं।

दिवाली प्रदूषण

8 नवंबर 2026 यानी दिवाली वाले दिन की तस्वीर (फोटो साभार: खबर लहरिया)

प्रदूषण और हवा की गुणवत्ता (AQI)

दिवाली में प्रदूषण का स्तर और बढ़ गया जिसने रिकॉर्ड ही बना दिया। AQI की रिपोर्ट के अनुसार 8 नवंबर की आधी रात तक हवा की गुणवत्ता यानी AQI करीब 3000 तक पहुंच गया जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया और चिंता जताई। AQI.in की 9 नवंबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के 100 सबसे प्रदूषित शहरों में भारत के 99 शहर शामिल थे। इन शहरों में श्री गंगानगर, बठिंडा, सोनीपत, बारा, जालंधर, भिवानी, सिरसा, फरीदकोट, हिसार, पठानकोट, आगरा, फिरोजाबाद, रोहतक और नई दिल्ली शामिल हैं। फरीदाबाद, गाजियाबाद, नोएडा और पानीपत भी इन 100 शहरों में शामिल हैं। प्रूदषण का स्तर बढ़ने से दृश्यता 0 हो गई यानी कई इलाकों में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, चारों तरफ सिर्फ धुआं। हवा में घूटन, साँस लेने में दिक्कत, गला ख़राब, ख़ासी-जुकाम जैसी समस्या लोगों को होने लगी। 

AQI के अनुसार फ़िलहाल दिल्ली में AQI न्यूनतम 200 और अधिकतम 500 बताया जा रहा है। जो हवा की गुणवत्ता को गंभीर और खतरनाक दर्शाता है। 

वहीं आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने डेटा को लेकर दिल्ली सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा “ दिवाली की रात सरकार ने AQI मॉनिटरिंग स्टेशन बंद कर दिए और डेटा इकट्ठा करना रोक दिया। जहांगीरपुरी से मिले आखिरी डेटा के अनुसार, PM2.5 (सूक्ष्म कण प्रदूषण) का स्तर लगभग 5,000 तक पहुंच गया था। इससे पता चलता है कि अरबों रुपयों का कारोबार करने वाली पटाखा निर्माता लॉबी, दिल्ली सरकार के साथ मिली हुई है।” आप उनकी पूरी बात नीचे दिए गए वीडियो में सुन सकते हैं। 

सुप्रीम कोर्ट ने ग्रीन पटाखे जलने और बेचने की दी थी अनुमति 

दिवाली से कुछ दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में कुछ शर्तों के साथ ग्रीन पटाखे बेचने और जलाने की अनुमति दी थी। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, लोग 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही प्रमाणित ग्रीन पटाखे जला सकते थे। यह छूट सिर्फ दो दिनों के लिए दी गई थी। कोर्ट ने साफ किया कि 9 नवंबर से पटाखों पर पहले की तरह पूरी तरह प्रतिबंध लागू हो जाएगा।

सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि तय समय के अलावा कहीं भी पटाखे न जलाए जाएं। साथ ही, इन दो दिनों के लिए दिल्ली-NCR में कुछ शर्तों के साथ ग्रीन पटाखों के निर्माण की भी अनुमति दी गई थी। इसके बावजूद कई लोगों ने समय सीमा के बाहर भी रातभर पटाखे जलाए। 

ग्रीन पटाखे जलाने से भी प्रदूषण पर असर  

ग्रीन पटाखे को जलाने के बाद प्रदूषण पर इसका कितना होता है, होता है भी की नहीं और ये कितने सुरक्षित है इन सब के जवाब AIIMS के डॉ. विजय हाड्डा ने दिए। उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा “ये जो ग्रीन पटाखे हैं वो बस प्रदूषण 30 प्रतिशत तक ही कम करते हैं, 70 प्रतिशत तो पहले वाले पटाखों के जैसा ही हुआ। ग्रीन सुनकर लोगों को लगता है ये तो सही वाले पटाखें हैं। जो पर्यावरण प्रेमी हैं जो ये सब सोचते थे कि पटाखों से प्रदूषण फैलता है अब वो भी पटाखें जलाने लग गए हैं। इसी का परिणाम है AQI जो इतना बढ़ गया है।

https://x.com/amitt_gandhi/status/2119873437963591855?a=s4DdG3tCsP9E84vh9uo&s=20 

दिल्ली की हवा सबसे जहरीली 

AIIMS के डॉ. विजय हाड्डा ने ये भी कहा बाकि शहरों से अधिक हवा दिल्ली की ख़राब है और ऐसे जहरीली हवा लोग लेते रहेंगे तो जिन्दा नहीं बच पाएंगे। उन्होने कहा “मैं तो हैरान हूं कि इस हवा में हम जिंदा कैसे हैं…ये जहर वैसे इंसानों के लिए सर्वाइव करने लायक है नहीं”

वहीं भारतीय जनता पार्टी ने बढ़ते प्रदूषण का कारण पराली जलाने को बताया है। सोशल मीडिया X पर बीजेपी दिल्ली ने पोस्ट करते हुए लिखा “यह कोई संयोग नहीं है—यह जानबूझकर किया गया है। सितंबर और अक्टूबर के दौरान दिल्ली की हवा बहुत अच्छी थी (पिछले 10 सालों में सबसे साफ महीने)—तो फिर 1 नवंबर से AQI अचानक इतना क्यों बढ़ गया? इसकी सिर्फ एक ही वजह है—पराली जलाना। सिर्फ दिल्ली सरकार को बदनाम करने के लिए और दिल्ली वालों से अपनी हार का बदला लेने के लिए अरविंद केजरीवाल ने इतनी खतरनाक साजिश रची? जिससे पंजाब की जनता, पंजाब के किसान और दिल्ली वाले सभी परेशान हैं। 

दिवाली के दौरान पटाखों से हादसे 

दिवाली के दौरान अक्सर पटाखे जलाते समय घटना हो जाती है। इस वजह इस बार भी दिवाली में ऐसे कई मामले सामने आए। एम्स (AIIMS) में प्लास्टिक, रिकंस्ट्रक्टिव और बर्न्स सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. मनीष सिंघल बताते हैं, “कुल मिलाकर, हमारे पास दिवाली से जुड़े 42 मामले आए। इनमें से 11 मामले गंभीर रूप से जलने के थे, जिनमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत पड़ी, जबकि 31 मामले मामूली रूप से जलने के थे। मामूली रूप से जलने के मामलों में, ज्यादातर चोटें अनार और ऐसी ही अन्य चीजों की वजह से लगी थीं। बच्चों से जुड़ी घटनाएं भी काफी संख्या में सामने आईं: 10 साल से कम उम्र के लगभग 6 बच्चे, 18 साल से कम उम्र के 10 बच्चे, और 10 से 18 साल की उम्र के 12 बच्चे शामिल थे। इनमें से एक बच्चे की हालत बहुत गंभीर है। पोटाश से जलने के मामलों की बात करें तो, पिछले साल के मुकाबले इस बार अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या थोड़ी कम है; हमारे पास ऐसी चोटों वाले दो मरीज आए थे।”

अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग अस्पताल में दो दिनों (7 और 8 नवंबर) के दौरान दिवाली से जुड़े जलने के 135 मामले सामने आए। इनमें से 129 मामले पटाखों से जुड़ी चोटों के थे, जबकि 6 मामले दीयों से जुड़े थे। सात मरीजों की सर्जरी की गई।

नरेला में 10 साल के लड़के की मौत 

इस बीच दिवाली वाले दिन एक मौत की घटना भी सामने आई। घटना तब हुई जब 10 साल का बच्चा हाथ में अनार लेकर जला रहा था तभी वह फट गया। घटना 8 नवंबर को करीब रात 9:45 की है। पटाखा फटने से उसकी छाती पर चोट लग गई। दिल्ली पुलिस के अनुसार बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। रात लगभग 10:50 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि बच्चे को मृत अवस्था में लाया गया था; उसकी मौत पटाखा फटने से लगी चोटों और जलने के कारण हुई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

वहीं बच्चे की माँ ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक बच्चे की माँ अंजलि कहती हैं, “मेरा बेटा पटाखे जला रहा था; बाकी सब भी यही कर रहे थे। जब वह अनार और स्काई शॉट्स जला रहा था, तो पीछे से एक पटाखा आकर सीधे उसके सीने में लगा। इससे उसकी धमनियां (आर्टरीज) क्षतिग्रस्त हो गईं; वह तब भी सांस ले रहा था, इसलिए हम उसे तुरंत अस्पताल ले गए। वहाँ उसका ठीक से इलाज नहीं किया गया; बल्कि, उन्होंने हमें डराने-धमकाने की कोशिश की।”

मुंबई में रॉकेट और हवाई पटाखे फोड़ने पर बैन 

मुंबई में दिवाली के दिन तीन बड़ी आग की घटना हुई जिसके बाद मुंबई में आसमान में छोड़े जाने वाले पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। मुंबई डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने सोमवार 9 नवंबर 2026 को जानकारी देते हुए 25 नवंबर तक शहर में रॉकेट और हवाई पटाखे फोड़ने पर बैन लगा दिया।

अथॉरिटी के जारी ऑर्डर के मुताबिक, यह रोक सभी रेजिडेंशियल बिल्डिंग, छत, बालकनी और झुग्गी-झोपड़ी इलाकों पर लागू होगी। अकेले दिवाली की रात शहर के अलग-अलग हिस्सों में तीन बड़ी आग लगने की खबरें आईं, जिसमें कई झोपड़ियां, दुकानें, एक गैरेज और एक कमर्शियल बिल्डिंग के कुछ हिस्से जलकर खाक हो गए।

पटाखों के शोर का असर पशु-पक्षियों पर भी 

पटाखों का शोर और उसका असर सिर्फ इंसानों तक सीमित नहीं है, इसका असर पशु-पक्षी पर भी पड़ता है। पटाखों की आवाज सुनते ही गली के कुत्ते-बिल्ली सहम जाते हैं और गली का कौना पकड़ लेते हैं, वह उनकी आवाज से रोने लगते हैं लेकिन उनके डर और परेशानी की अधिकतर लोगों को नहीं पड़ी। बच्चे, युवा सब उत्साह से पटाखे फोड़ते हैं और इसी को खुशियां मानाने का जरिया मानते हैं। ऐसे लोगों का मानना है जितना ज्यादा शोर उतनी ज्यादा ख़ुशी लेकिन आसमान में डर से उड़ते पक्षियों का ख्याल कौन करेगा और ये किसकी जिम्मेदारी है? क्या ये धरती सिर्फ इंसानों की है? क्या इस धरती पर रहने वाले वन्य जीव का इस पर कोई अधिकार नहीं? 

तमिलनाडु के 10 गांव जहां बिना पटाखों की दिवाली 

टाइम्स ऑफ़ इण्डिया की रिपोर्ट में एक ऐसी खबर सामने आई जिसने दिल जीत लिया। जो लोग सच में प्रकृति से प्यार करते हैं और वे लोग उन्हें नुकसान पहुंचाने से बचते हैं। तमिलनाडु में 10 गांव ऐसे हैं जो अपने पक्षियों और दूसरे जंगली जानवरों से इतना प्यार करते हैं कि गांव वालों ने 20 साल से पटाखे नहीं जलाए हैं। इरोड जिले में वेलोड बर्ड्स सैंक्चुअरी के आस-पास के 10 से ज़्यादा गांवों में बिना पटाखे वाली दिवाली मनाई जाती है। हालांकि पारंपरिक रूप से पटाखे रोशनी के त्योहार से जुड़े हैं, लेकिन इन गांवों के लोग बिना पटाखे जलाए दिवाली मनाना पसंद करते हैं, क्योंकि अचानक चमकने वाली रोशनी और धुएं से माइग्रेटरी पक्षियों को परेशानी होती है।

दिवाली के नाम पर पर्यावरण को इस तरह से प्रदूषित करना कहां की समझदारी है। जिस हवा में साँस लेना है उसी को जानबूझकर जहरीला बनाया जा रहा है। लोगों को और सरकार को पता है हर साल दिवाली वाले दिन और अगले दिन AQI खतरनाक श्रेणी में पहुँच जाता है इसके बावजूद पटाखे जलाने, बेचने की अनुमति देना लोगों को मौत के मुँह में धकलने जैसा है। लोगों के पास इतना पैसा नहीं है कि दिल्ली छोड़ के कुछ दिनों के लिए बाहर जाए या फिर घरों में हवा साफ करने वाली मशीन लगाए। ये लोगों की भी जिम्मेदारी है कि वे दिवाली का त्यौहार बिना पटाखों के भी धूमधाम से मना सकते हैं क्योंकि आने वाले समय में पटाखों के इस प्रचलन को बंद नहीं किया गया तो आने वाली पीढ़ी के हवा और खतरनाक हो सकती।  

 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *