खबर लहरिया राजनीति मनगढंत किस्सा है लव जिहाद

मनगढंत किस्सा है लव जिहाद

नई दिल्ली। दिल्ली के इंडियन विमेन प्रेस क्लब में महिला संगठनों ने लव जिहाद को राजनीतिक दलों द्वारा अपनाया जा रहा चुनावी हथकंडा बताया। इस प्रेस कांफ्रेंस में चर्चा करने वाले पैनल में शामिल अखिल भारतीय महिला जनवादी समिति की अध्यक्ष जगमति सांगवान ने कहा कि हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में चुनाव होने हैं। ऐसे में लव जिहाद जैसे बेबुनियादी मुद्दे को उठाकर वोटों की राजनीति की जा रही है।
इस ही पैनल में शामिल वकील वृंदा ग्रोवर ने कहा कि लव जिहाद का मुद्दा उछालकर अल्पसंख्यकों पर निशाना साधने और औरतों की आज़ादी पर पाबंदी लगाने का एक और हथियार खोजा गया है। औरतों को अपनी मजऱ्ी का साथी चुनने का अधिकार है। वह दूसरी जाति या फिर दूसरे धर्म का हो सकता है। लेकिन इस मनगढ़ंत किस्से को बनाकर राजनीति खेली जा रही है।

क्या है लव जिहाद- देश में यह अफवाह फैलाई जा रही है कि मुस्लिम लड़के हिंदू लड़कियों को बहलाकर उनसे शादी करके उनका धर्मपरिवर्तन करा रहे हैं। यह अफवाह एस.एम.एस., इंटरनेट राजनीतिक और धार्मिक मंचों के द्वारा फैलाई जा रही है।