खबर लहरिया राजनीति भारत में विधान सभा के चुनाव

भारत में विधान सभा के चुनाव

21-11-13 Desh Videsh - NOTAदेश में विधान सभा के चुनावों की शुरुआत छत्तीसगढ़ से हो चुकी है। यहा 11 और 19 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ। निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदाताओं की भागीदारी भी संतोषजनक रही। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस बार भाजपा को कड़ी चुनौती देगी।
25 नवंबर को पूरे मध्य प्रदेश राज्य में चुनाव हैं। लोगों का मानना है कि एक बार फिर यहां भाजपा की ही जीत होगी। इसके बाद 1 दिसंबर को राजस्थान में चुनाव होंगे। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है। हाल में बनी नेशनल पीपल्स पार्टी भी कुछ सीटों पर जीत हासिल कर सकती है।
पूर्वोत्तर भारत के मीज़ोराम राज्य और राजधानी दिल्ली में 4 दिसंबर को चुनाव होंगे। मीज़ोराम में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने की संभावना है। उधर दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने नौजवानों को आकर्षित किया है पर 21 नवंबर को एक पत्रकार ने पार्टी के कुछ नेताओं का भांडाफोड़ किया जिससे पार्टी की छवि को काफी नुकसान पहुंचा है। अब पार्टी के कुछ उम्मीदवारों पर भ्रष्टाचार का आरोप है।
इन चुनावों में मतदाताओं के लिए ‘नोटा’ (नन आफ दी अबव) यानी ऊपर लिखे उम्मीदवारों में से कोई भी नहीं – भी एक विकल्प रहेगा। यदि मतदाता किसी उम्मीदवार को वोट नहीं देना चाहते हैं तो वे इसका प्रयोग कर सकते हैं।