खबर लहरिया राजनीति चार सगी बहनों पर फेंका तेज़ाब

चार सगी बहनों पर फेंका तेज़ाब

रायगढ़, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर गांव में कुछ युवकों ने एक ही परिवार की चार लड़कियों पर तेजाब फेंक दिया। घटना 10 मार्च 2013 की है।
लड़कियां शनिवार की शाम अपने घर लौट रहीं थीं, तभी कुछ लड़कों ने उन पर तेजाब फेंक दिया। लड़कियां रायगढ़ के अस्पताल में भर्ती हैं। डाक्टरों ने बताया कि तीन की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन एक की हालत अभी भी गंभीर है। लड़कियों के परिवार वालों ने अभी तक किसी का नाम नहीं लिया है।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक राहुल भगत ने बताया कि कुछ लोगों को संदेह के आधार पर पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूंछताछ की जा रही है। कुछ ग्रामीणों के अनुसार मामला आपसी दुश्मनी का है। लेकिन पुलिस के अनुसार अभी तक हमले के सही कारणों का पता नहीं लगाया जा सका है। लड़कियों से पूंछताछ की गई लेकिन घटना के समय अंधेरा होने के कारण वो किसी को नहीं पहचान पाई हैं।