खबर लहरिया राजनीति गौमांस खाने का संदेह होने पर भीड़ ने की हत्या

गौमांस खाने का संदेह होने पर भीड़ ने की हत्या

(फोटो साभार - एनडीटीवी)

(फोटो साभार – एनडीटीवी)

नई दिल्ली। राजधानी के नज़दीक उत्तर प्रदेश के दादरी इलाके के गांव बिसरा में गौमांस को लेकर हत्या करने का मामला सामने आया है। करीब सौ लोगों की भीड़ ने मोहम्मद अकलाख नाम के पचास साल के व्यक्ति की हत्या पीट-पीटकर इसलिए कर दी क्योंकि लोगों को शक था कि उस व्यक्ति ने और उसके परिवार ने गाय का मांस खाया है। मरने वाले व्यक्ति का बेटा दानिश गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती है।
मोहम्मद अकलाख और उसके बेटे को गांव वाले घर से बाहर घसीटकर लाए और उन्हें ईंटों से जमकर पीटा। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची उस वक्त भी भीड़ उन दोनों को पीट रही थी। इस मामले में पुलिस ने देर रात छह लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार हुए लोगों में गांव के मंदिर का पुजारी भी शामिल था। लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। परिवार द्वारा गाय का मांस खाने की अफवाह मंदिर से ही फैलाई गई थी।
मरने वाले व्यक्ति के परिवार वालों का कहना है कि उन्होंने फ्रिज में केवल मटन रखा था। पुलिस ने मांस को जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह परिवार पिछले पैंतिस सालों से इस गांव में रह रहा था। वह अफवाह के बारे में जांच कर रही है। गौतमबुद्ध नगर के डी.एम. एन.पी. सिंह ने बताया कि पूरे इलाके में पुलिस तैनात है। उन्होंने बताया कि अभी तक जांच में पता चला है कि कुछ लोगों ने यह अफवाह फैलाई थी कि मोहम्मद अकलाख गाय का मांस बेचने का काम करता है। इसी को आधार बनाकर लोगों ने रात को करीब दस बजे उनके घर में हमला कर दिया। पुलिस ने दंगा करने और हत्या करने का केस दर्ज कर लिया है।