खबर लहरिया राजनीति उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बने ‘राज बब्बर’

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बने ‘राज बब्बर’

Rajbabbar5

कांग्रेस ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के को ध्यान में रखते हुए राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के इस ऐलान के साथ ही पिछले कई महीनों के राज़ से पर्दा उठ गया है। प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर कई नामों पर गहन विचार के बाद आखिरकार राज बब्बर को चुनने के पीछे कांग्रेस ने उनकी अखिल भारतीय छवि बताई।

राज बब्बर पांच बार सांसद रहे हैं, जिसमें उन्होंने चार बार यूपी से प्रतिनिधित्व किया है जबकि वर्तमान में उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद हैं।

राज बब्बर को कांग्रेस में आए अरसा हो गया। वह दो बार यूपी से लोकसभा के लिए चुने गए हैं और लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव की पत्नी और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव को हरा चुके हैं। ऐसे में राज बब्बर की राज्‍य में लोकप्रियता को लेकर पार्टी को संदेह नहीं है।

फिल्‍मों से राजनीति में आए राज बब्बर राज बब्‍बर बॉलीवुड के मशहूर कलाकार रहे हैं। लेकिन साल 1989 में वह राजनीति में उतर गए। उन्‍होंने जनता दल से शुरुआत की, बाद में समाजवादी पार्टी में गए। वर्ष 2006 में समाजवादी पार्टी ने उनको पार्टी विरोधी गतिविधि के आरोप में निलंबित कर दिया। दो साल बाद वह कांग्रेस में आ गए।

2009 के लोकसभा चुनाव में राज बब्बर ने डिंपल यादव को हराकर अपना लोहा मनवाया। साल 2014 का लोकसभा चुनाव उन्होंने गाजियाबाद से लड़ा था, लेकिन बीजेपी के जनरल वी के सिंह से हार गए थे।

राज बब्‍बर यूपी के ही हैं। उनका जन्म 23 जून, 1952 को उत्तर प्रदेश के टुंडला (आगरा) में हुआ था। उन्‍होंने स्‍कूली पढ़ाई फैज-ए-आम स्कूल आगरा से की। कालेज की पढ़ाई भी आगरा से ही की। इसके बाद 1975 में उन्होंने एनएसडी (नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा) से एक्टिंग का कोर्स किया। यहां से निकलने के बाद वह मुंबई चले गए। ‘इन्साफ का तराजू’ और ‘आज की आवाज’ जैसी उनकी फिल्‍में काफी हिट हुईं। राज बब्‍बर की शादी नादिरा बब्‍बर से हुई थी। नादिरा से उन्‍हें बेटा आर्य और बेटी जूही हुईं। बाद में राज बब्‍बर ने स्मिता पाटिल से शादी की। स्मिता से उन्‍हें एक बेटा प्रतीक हुआ।