उत्तर प्रदेश में कल 13 मई 2026 को हुई तेज आंधी तूफान और बिजली गिरने से करीब 89 लोगों की मौत हो गई। यह जानकारी राहत आयुक्त कार्यालय ने गुरुवार, 14 मई को पीटीआई की रिपोर्ट के जरिए दी। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रयागराज में 17, भदोही में 16, फतेहपुर में 9, बदायूं में 5, प्रतापगढ़ में 4, चंदौली और कुशीनगर में 2-2 और सोनभद्र जिले में 1 व्यक्ति की मौत हुई है। यह आंकड़ें और बढ़ने की आशंका है। दिल्ली के कुछ इलाकों में भी तेज आंधी तूफान, बारिश और ओले गिरे। बिहार में भी कल रात तेज बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।
उत्तर प्रदेश में कल आए तूफ़ान, बारिश और बिजली गिरने की घटना ने कई जिलों को प्रभावित किया। इसमें तेज आंधी में कई पेड़ उखड़ गए, कई लोगों के कच्चे घर टूट गए और कई लोगों की जान भी चली गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बारिश, आंधी और बिजली गिरने से हुए नुकसान का संज्ञान लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों तक 24 घंटे के भीतर राहत सामग्री पहुंचाई जाए।
बरेली में आंधी में व्यक्ति उड़ा – वीडियो वायरल
इस आंधी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जोकि बरेली की बताई जा रही है। इस वीडियो में बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति तेज आंधी से बचने के लिए टीन की शेड को पकड़े हुए था लेकिन आंधी इतनी तेज थी कि टिन के साथ व्यक्ति भी हवा में उड़ता दिखाई दिया।
यूपी- बरेली के नन्हे मियां तेज तूफान में बारातघर की टीनशेड का पाया पकड़े खड़े थे. आंधी तेज हुई तो टीनशेड उखड़ गई और उसके साथ नन्हे मियां हवा में उड़ गए
हाथ पांव दोनों टूट गए है. अब अस्पताल में भर्ती है.#bareli #uttarpradesh pic.twitter.com/3dAjsUV47F
— Manjeet Vishwas (@ManjeetVishwas) May 14, 2026
उन्नाव में तीन लोगों की मौत
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उन्नाव में पेड़ और बिजली का खंभा गिरने से एक बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं कानपुर देहात में एक युवती और एक बालिका की जान चली गई, जबकि तेज आंधी की चपेट में आने से 33 बकरियों की भी मौत हो गई।
आंधी तूफान और बारिश से सड़क, रेल मार्ग और बिजली प्रभावित
आंधी के चलते कानपुर-लखनऊ और उन्नाव-रायबरेली रेलमार्ग पर पेड़ गिर गए, जिससे कई ट्रेनों का संचालन घंटों बाधित रहा। इसके अलावा कई जिलों में बिजली के खंभे और तार टूट जाने से हजारों गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई और लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। बरेली मंडल में भी तेज आंधी और खराब मौसम लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ।
फ़िलहाल लखनऊ मौसम विभाग ने आज और कल 15 मई को किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दी है। इसके बाद 16 मई से लोगों को फिर से तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

