भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम अब राहत की खबर लेकर आया है। पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिल रही है। इसका असर तापमान पर भी पड़ा है और गर्मी का तेवर कुछ नरम हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाएं चलीं, कई इलाकों में बारिश हुई और सुबह तक आसमान बादलों से घिरा रहा जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया। बता दें मौसम विभाग ने इसी बीच आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD ने दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 19 राज्यों राज्यों में तूफानी बारिश संभावना जताई है। ये संभावना 3 मई से 5 मई तक जताई जा रही है।
19 राज्यों में बारिश की चेतावनी
- यूपी
- दिल्ली
- बिहार
- झारखंड
- हरियाणा
- राजस्थान
- पंजाब
- उत्तराखंड
- हिमाचल
- जम्मू-कश्मीर
- मध्य प्रदेश
- छत्तीसगढ़
- पश्चिम बंगाल
- ओडिशा
- असम
- मेघालय
- तमिलनाडु
- कर्नाटक
- आंध्र प्रदेश
दिल्ली-एनसीआर में मई की शुरुआत में जहां आमतौर पर तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करती हैं इस बार मौसम कुछ बदला-बदला नजर आ रहा है। लगातार चल रही तेज हवाओं, हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की आवाजाही की वजह से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों ने तपती गर्मी से कुछ राहत महसूस की है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का असर है। इसी वजह से राजधानी और आसपास के इलाकों में आंधी, तेज हवा और बारिश का दौर बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर हवाएं करीब 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, साथ ही बारिश और गरज-चमक भी देखने को मिली। इसका असर तापमान पर भी पड़ा है और दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी कमी दर्ज की गई है।
हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में तेज आंधी, धूलभरी हवाएं, बारिश और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। यानी कहीं मौसम राहत देगा तो कहीं परेशानी भी बढ़ा सकता है। ऐसे में लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में भी मौसम लगातार बदला हुआ है। सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मुरादाबाद, बिजनौर, बहराइच, बलरामपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बदायूं, हरदोई, प्रतापगढ़, बाराबंकी, अमेठी, जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सीतापुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश होने से मौसम सुहाना बना हुआ है और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली है। आज UP का तापमान 24 डिग्री है जो बीते कुछ दिनों से काफी कम है। बुंदेलखंड के बांदा जिले में आज 4 मई को दोपहर करीब डेढ़ बजे जोरदार बारिश भी हुई।
यूपी में अगले सात दिन की आंधी बारिश के साथ गरज और चमक की चेतावनी दी गई है।
बिहार
बिहार में भी बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। पटना, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, सिवान, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में साफ है कि फिलहाल गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन बदलते मौसम के बीच लोगों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है। बिहार में आज का तापमान 33 डिग्री है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले : पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार।
येलो अलर्ट वाले जिले : बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगरिया, अरवल, जहानाबाद, नालन्दा, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई, बांका।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का अजीब सा मिजाज देखने को मिल रहा है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ कई इलाकों में मौसम अचानक करवट ले रहा है। कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है तो कहीं बारिश और गरज-चमक के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और दमोह जैसे जिलों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम एकदम बदल सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी के पीछे कई वजहें हैं। हीट डोम का असर, उत्तर-पश्चिम से आने वाली सूखी हवाएं और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण गर्म हवा वातावरण में फंस रही है। इसी वजह से जमीन तेजी से गर्म हो रही है और तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि मौसम में हो रहे इस बदलाव से कुछ इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन तेज आंधी और बिजली गिरने जैसी घटनाएं परेशानी भी बढ़ा सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम के बदलते हालात को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम का बदला हुआ रूप देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। भोपाल, बैतूल, नर्मदापुरम, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सीहोर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सीधी, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, बालाघाट और जबलपुर समेत कई इलाकों में बारिश होने से मौसम में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं कुछ जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिला, जहां गुना, रायसेन और बालाघाट में ओले गिरे, जबकि शिवपुरी, विदिशा, दतिया और श्योपुर में धूलभरी तेज आंधी चली। मौसम के इस अचानक बदलाव ने एक तरफ गर्मी से राहत दी है तो दूसरी तरफ तेज हवाओं और खराब मौसम की वजह से लोगों की चिंता भी बढ़ा दी है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’




