भीषण गर्मी के बीच मानसून अब पूरे देश में अपना असर दिखाने लगा है। अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज 16 जून को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, असम समेत कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वहीं कुछ पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
दिल्ली मौसम अपडेट (Delhi Weather) 16 से लेकर 22 जून तक का मौसम अपडेट
दिल्ली-एनसीआर में आज 16 जून को मौसम सुबह से सुहावना है। दिल्ली के कई हिस्सों में सुबह हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली में तापमान (Delhi Temperature)
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 37-38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। हाल की बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। तेज हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, इसलिए खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली मौसम विभाग के मुताबिक 17 जून से लेकर 22 जून तक बादल छाए रहने की और हल्की से माध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना है। वहीं हवा की गति 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा बढ़कर 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है। दिल्ली में मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
उत्तर प्रदेश का मौसम अपडेट (UP Weather)
उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार आज 16 जून 2026 को मेरठ, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), पीलीभीत, लखनऊ, बहराइच, संत कबीर नगर, गोरखपुर, मऊ, बलिया और वाराणसी में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है। वहीं झांसी में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने के संकेत हैं। कानपुर और प्रयागराज में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि आगरा और फतेहपुर में मौसम साफ रहने और धूप निकलने के आसार हैं।
लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार बारिश का अनुमान 17 से लेकर 19 जून तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सम्भावना है। यूपी में मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
मध्य प्रदेश का मौसम अपडेट (16 से 20 जून तक बारिश और आँधी तूफान)
मौसम विभाग के अनुसार आज 16 जून को भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, नर्मदापुरम, सागर, रीवा और ग्वालियर संभाग के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। प्रदेश के 30 से अधिक जिलों के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल मौसम विभाग ने मैप के जरिये मौसम अपडेट की जानकारी दी है जिसे आप नीचे दी गई तस्वीर में देख सकते हैं। मध्य प्रदेश में मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
16 से लेकर 20 जून तक एमपी के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर और दमोह समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट है।
बिहार का मौसम अपडेट (17 जून से लेकर 22 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट )
बिहार में आज 16 जून को कई जिलों में आंधी, गरज-चमक, बिजली गिरने और बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में आज तेज आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। पटना और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने तथा गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
IMD के ताजा रिपोर्ट के अनुसार 17 से 20 जून के बीच बिहार में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। 18 और 19 जून को कुछ क्षेत्रों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। बिहार में मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
कुल मिलाकर 18 से 22 जून 2026 के बीच एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में भी कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’





