खबर लहरिया Hindi Weather Update: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत करीब 12 राज्यों में भारी बारिश, जानें कब तक रहेगा ऐसा मौसम 

Weather Update: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश समेत करीब 12 राज्यों में भारी बारिश, जानें कब तक रहेगा ऐसा मौसम 

देश के कई हिस्सों में मानसून ने तेजी पकड़ ली है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, एमपी समेत करीब 12 राज्यों में आज 6 अगस्त को भारी बारिश हो रही है। पहाड़ी इलाकों में भी जैसे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है वहीं असम में अभी तक बाढ़ के हालात बने हुए हैं। 

फोटो साभार: PTI

उत्तर प्रदेश मौसम अपडेट (UP Weather Update) 

मौसम विभाग लखनऊ के अनुसार पश्चिमी, मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज भारी बारिश की संभावना है। सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, कानपुर, लखनऊ, अमेठी, वाराणसी, प्रयागराज, बहराइच और कुशीनगर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बीते दो दिनों से यूपी के कई जिलों में तेज बारिश हुई है।

लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 अगस्त तक तेज हवा, गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। आप नीचे दी गई तस्वीर में इसे देख सकते हैं। यदि आपको ताजा मौसम अपडेट की जानकारी चाहिए तो आधिकारिक वेबसाइट क्लिक कर के देख सकते हैं।  

भारी बारिश के चलते प्रतापगढ़ में 6 की मौत 

दैनिक भास्कर की 6 अगस्त की रिपोर्ट के अनुसार प्रतापगढ़ में लगातार बारिश से 100 साल पुराना मकान ढह गया। इसकी वजह से परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें माता-पिता, बेटा, छोटी बहू और उसके दोनों बच्चे हैं। जानकारी के मुताबिक अब 7 लोगों के परिवार में अब सिर्फ एक बेटा जिंदा बचा है।

खबर लहरिया की रिपोर्ट में भी समाने आया कि बांदा जिले के तिंदवारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत परसौड़ा में बारिश ने सड़क की हालत सामने ला दी। इस सड़क पर बरसात के दिनों में रास्तों पर कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई रास्तों की हालत इतनी खराब है कि ऐसा लगता है मानो पिछले पांच वर्षों में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। वहीं बाँदा के नरैनी में भी इसी तरह के हालात हैं। 

यूपी में नदियों का जलस्तर बढ़ा 

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट में सामने आया कि लगातार बारिश की वजह से यूपी में कई नदियों का जल स्तर बढ़ता जा रहा है और खतरे के निशान से गया है। अधिकारीयों के अनुसार फाफामऊ और छटनाग में गंगा का जल स्तर 31 सेंटीमीटर और 14 सेंटीमीटर तक बढ़ गया है। जबकि यमुना का जलस्तर 18 सेंटीमीटर तक बढ़ा है। प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ा है, जिस पर जिला प्रशासन लगातार नजर रखे हुए है। 

दिल्ली-एनसीआर मौसम अपडेट (Delhi-NCR Weather Update) 

दिल्ली और दिल्ली से सटे इलाकों जैसे नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में आज सुबह से ही रुक रुक कर तेज बारिश हो रही है। बारिश की वजह से कई जगह जलभराव की स्थिति देखी गई। 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Naval Singh (@navalsingh9891)

कई प्रमुख सड़कों और अंडरपास में पानी भरने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही और कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम लगा। बारिश के कारण सुबह के समय ऑफिस जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें समय से ऑटो या बस मिलने में दिक्कत हुई जिसकी वजह से देरी हुई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज पूरे दिन दिल्ली-एनसीआर में इसी तरह का मौसम रहेगा। वहीं आने वाले दिनों में 12 अगस्त तक तेज हवा, गरज चमक के साथ तेज बारिश की सम्भवना जताई गई है। मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर क्लिक करें। 

बिहार मौसम अपडेट (Bihar Weather Update) 

बिहार में आज सीमांचल और उत्तर बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, दरभंगा, मधुबनी और पटना समेत कई जिले शामिल हैं। वहीं पटना मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 3 से 4 घंटे में औरंगाबाद, भभुआ, गया और रोहतास जिले में तेज गर्जन के साथ तेज बारिश और 40 किलो मीटर प्रति घंटा हवा चलने की सम्भवना जताई गई है। 

बिहार में 12 अगस्त तक मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर चेतवानी दी है। तेज बारिश, गरज और बिजली, आंधी की संभावना है। 

मध्य प्रदेश मौसम अपडेट (Madhya Pradesh Weather Update) 

आज 6 अगस्त को पूर्वी और उत्तरी मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार कल 7 अगस्त सुबह 8:30 बजे तक राज्य में मानसून सक्रिय रहेगा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, शहडोल समेत अधिकांश जिलों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, इंदौर और उज्जैन संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कई जिलों में 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी है।

असम में बाढ़ (Assam Flood)

डेकन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के अनुसार असम में अभी तक बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। कल बुधवार 5 अगस्त को बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई। इस साल की बाढ़ में छह और लोगों की मौत के साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है और 14 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या 1.6 लाख तक पहुंच गई है। राहत कार्य पूरे ज़ोर-शोर से जारी हैं और अब राज्य भर में 1900 से ज़्यादा राहत वितरण केंद्र प्रभावित समुदायों की मदद कर रहे हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा कल 5 अगस्त को असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मिलने गए थे उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया है कि 9 अगस्त से शुरू होने वाले असम बाढ़ राहत कार्य में नुकसान के आकलन में ज़मीनी हकीकत का पूरा ध्यान रखा जाएगा और उचित मुआवज़ा सुनिश्चित किया जाएगा।

देश के किसी भी राज्य में थोड़ी सी बारिश होते ही जगह-जगह जलभराव हो जाता है यहां तक की कई घर, पेड़ टूटने तक की खबरे हर साल आती है। ऐसे में सरकार और प्रशासन को आपदा से बचने के लिए खास इंतजाम पहले से करने चाहिए ताकि समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

 

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke ‘

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *