खबर लहरिया Hindi Weather/Monsoon updates: मुंबई, यूपी, दिल्ली, बिहार और एमपी में भारी बारिश से जलभराव और नुकसान, जानें 12 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम 

Weather/Monsoon updates: मुंबई, यूपी, दिल्ली, बिहार और एमपी में भारी बारिश से जलभराव और नुकसान, जानें 12 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम 

देशभर में मानसून (Monsoon) अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। सबसे ज्यादा असर महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी तट के इलाकों में देखने को मिल रहा है। यूपी में भी सड़कें डूब गईं, बिजली के खंभे टूट गए और कई घरों की बिजली चली गई। 

यूपी में 6 जुलाई को हुई बारिश (फोटो साभार: खबर लहरिया)

महाराष्ट्र/मुंबई में मानसून (बारिश) अपडेट 

इस समय मुंबई, पुणे भारी बारिश की मार झेल रहे हैं। लगातार बारिश की वजह से कई इमारत, सड़क धसने की खबर सामने आई। यहां तक की कुछ लोगों की मौत भी हो गई। द हिन्दू की रिपोर्ट के अनुसार, 6 जुलाई सोमवार को महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने कई अहम निर्देश जारी किए। निजी कंपनियों से कहा गया कि वे कर्मचारियों को घर से काम (वर्क फ्रॉम होम) करने की अनुमति दें। वहीं, गैर-जरूरी सरकारी कार्यालयों को सिर्फ आधे दिन तक काम करने के निर्देश दिए गए। राज्य में भारी बारिश को देखते हुए कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया।

 

महाराष्ट्र में 7 जुलाई से 11 जुलाई तक मौसम 

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 7 से 11 जुलाई के बीच कोंकण और गोवा क्षेत्र में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं विदर्भ के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का दौर बना रहने का अनुमान है। 

महाराष्ट्र में भारी बारिश से नुकसान 

भारी बारिश और जलभराव के कारण सोमवार को पश्चिमी रेलवे का परिचालन ठप्प हो गया, जिससे मुंबई और दक्षिण गुजरात के कई स्टेशनों पर 20 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें फंसी रह गईं, क्योंकि पटरियां जलमग्न रहीं। 40 से अधिक ट्रेन सेवाएं रद्द होने, मार्ग परिवर्तन और देरी से प्रभावित होने के कारण, रेलवे अधिकारियों ने फंसे हुए यात्रियों की सहायता के लिए तेजी से प्रयास किए और मुंबई-अहमदाबाद मुख्य मार्ग पर संपर्क बहाल करने के लिए काम किया। मुंबई-पुणे लाइन पर कर्जत-लोनावला घाट खंड में भारी बारिश के कारण कई भूस्खलन हुए, जिससे पिछले दो दिनों से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

पुणे की मावल तहसील के पाटन गांव में सोमवार 6 जुलाई को सुबह करीब 4 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया, जिससे स्थानीय निवासी नंदू टिकोने का घर मलबे के भारी ढेर के नीचे दब गया। परिवार के तीन सदस्य भी इस मलबे में फंसे बताए गए। 

महाराष्ट्र में आने वाले कुछ दिनों में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। 

उत्तर प्रदेश (यूपी) मौसम अपडेट 

यूपी में कल 6 जुलाई से कई  जिलों में भारी बारिश देखने को मिली। लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार आज मंगलवार 7 जुलाई 2026 को हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चलने की आशंका है। पश्चिमी, मध्य और पूर्वी प्रदेश के कुछ जिलों के लिए भारी वर्षा व वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। 

फोटो साभार: लखनऊ मौसम विभाग

 

8 जुलाई से लेकर 11 जुलाई तक मौसम अपडेट  

8 जुलाई से मानसून तेजी पकड़ेगा और कई जिलों में भारी वर्षा से तबाही होने की आशंका है। 8 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक पश्चिमी और पूर्वी उतर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। यूपी में ताजा मौसम की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर क्लीक करें। 

यूपी में भारी बारिश से नुकसान 

यूपी में बारिश का सबसे अधिक असर गोरखपुर, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज और आसपास के तराई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। कई ग्रामीण इलाकों में खेतों में पानी भरने से धान और सब्जियों की फसल प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। वहीं, कुछ स्थानों पर तेज बारिश के कारण छोटे पुलों और ग्रामीण संपर्क मार्गों पर भी असर पड़ा है।

दिल्ली मानसून मौसम अपडेट  

दिल्ली-एनसीआर में मानसून सक्रिय है और मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार 7 जुलाई को राजधानी में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

दिल्ली में 8 जुलाई से 12 जुलाई तक मौसम अपडेट 

आईएमडी दिल्ली का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ जगहों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और निचले इलाकों में पानी भरने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर न रुकने की सलाह दी गई है। ताजा मौसम की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर क्लीक करें। 

बिहार का मौसम (मानसून) अपडेट 

बिहार में पटना समेत राज्य के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पटना केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 

8 जुलाई से लेकर 12 जुलाई तक मौसम अपडेट 

बिहार में 8 जुलाई से लेकर 13 जुलाई तक आंधी-तूफान, बिजली चमक और भारी बारिश की चेतवानी दी गई है। आप पटना मौसम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ताजा मौसम के बारे में जान सकते हैं। 

बिहार में भारी बारिश से नुकसान 

बिहार में मानसून सक्रिय होने के साथ ही कई जिलों में लगातार बारिश का असर दिखाई देने लगा है। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। खेतों में पानी भरने से धान और सब्जियों की खेती प्रभावित हुई है, जबकि कई ग्रामीण इलाकों में कच्चे मकानों और सड़कों को भी नुकसान पहुंचा है। 

मध्य प्रदेश मौसम (मानसून) अपडेट 

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। सक्रिय मानसूनी सिस्टम के कारण पूरे प्रदेश में मौसम बदला हुआ रहेगा। 

मध्य प्रदेश (एमपी) में भारी बारिश से नुकसान 

लगातार बारिश होने की वजह से भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, बालाघाट और आसपास के इलाकों में तेज बारिश के कारण कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। 

छत्तीसगढ़ मौसम अपडेट 

छत्तीसगढ़ में भी मानसून आ चुका है और राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और सुकमा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी संभावना है। 

8 जुलाई से लेकर 13 जुलाई तक फ़िलहाल कोई चेतावनी नहीं दी गई है। ताजा मौसम की जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर क्लिक करें। 

मानसून की बारिश जहां एक ओर भीषण गर्मी से राहत देती है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में लोगों के लिए मुश्किलें भी बढ़ा रही है। लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़, जलभराव, भूस्खलन और फसलों को नुकसान जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों दोनों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। समय रहते सतर्कता बरतकर जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

 

यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *