खबर लहरिया चित्रकूट चित्रकूट: लोकलज्जा की आड़ से महिला के साथ हुई हिंसा | KhabarLahariya

चित्रकूट: लोकलज्जा की आड़ से महिला के साथ हुई हिंसा | KhabarLahariya

चित्रकूट जिले के कर्वी कोतवाली गाँव भूईहरी में रहने वाली श्यामकली नाम की महिला द्वारा ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया। वहीं ससुराल पक्ष आरोप से इंकार करते हुए महिला को ही दोषी बता रहा है। घटना 4 फरवरी 2022 की है।

पीड़ित महिला श्यामकली ने बताया, उसकी शादी साल 2013 में हुई थी। उसके अभी दो बच्चे हैं। वह कहती, शादी के बाद उसने देखा कि उसका पति बहुत सीधा है। कुछ नहीं बोलता। ससुराल वाले भी बहुत प्यार दे रहे थे। जब उसके देवर की शादी तय हुई और उसे उसके ससुराल से मोटी रकम और गाड़ी मिली तब से ही उसे ससुराल वालों द्वारा परेशान किया जाने लगा।

ये भी देखें – चित्रकूट : ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप, देखिए पुलिस की कार्यवाही

उसने आरोप लगाया कि जब कुछ नहीं हुआ तो उसे घर से बाहर निकालने के लिए उसके ससुराल वाले उसे चरित्रहीन साबित करने की साज़िश में लग गए। इन सब चीज़ों से परेशान होकर उसने 4 फरवरी की सुबह गेहूं के कीड़े मारने वाली दवा खा ली। आगे आरोप लगाते हुए महिला ने कहा कि गाँव वालों के साथ पुलिस भी उसे अपशब्द बोल रही थी। उसे चरित्रहीन कह रही थी। उसकी परवरिश पर सवाल उठा रही थी।

श्यामकली की माँ कहती हैं, उन्होंने लड़का नहीं देखा था। लोगों के कहने पर उसने अपनी बेटी की शादी कर दी थी। शादी के बाद दमाद भी काफी समय तक उसके घर नहीं आया। न ही कभी उसकी बेटी ने कोई शिकायत की। उसने सोचा कि उसकी तीन लड़कियां हैं और उसे उनकी भी शादी करनी है।

वहीं श्यामकली के ससुर रामकिशोर ने सारे आरोप गलत बताये। उन्होंने कहा कि वह किसी लड़के से बात करती है जिस वजह से कहासुनी हुई। उन्होंने उसे माफ़ भी कर दिया था फिर भी उसने सुबह ज़हर खा लिया।

कर्वी के कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार सिंह से मामले को लेकर खबर लहरिया ने फोन पर बात की। उनका कहना था कि मामले की जानकारी उनके पास आई है। अगर जिला अस्पताल द्वारा लड़की के परिवार वाले रिपोर्ट लिखवाते हैं तो मामले की कार्यवाही की जायेगी।

ये भी देखें – दिल्ली : सामूहिक बलात्कार के बाद, अपमानजनक तरह से सड़क पर निकाली परेड

(हैलो दोस्तों! हमारे  Telegram चैनल से जुड़े रहिए यहां)