खबर लहरिया Blog UPTET 2026: यूपीटीईटी परीक्षा का आज पहला दिन, बांदा समेत प्रदेशभर में लाखों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

UPTET 2026: यूपीटीईटी परीक्षा का आज पहला दिन, बांदा समेत प्रदेशभर में लाखों अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) का पहला दिन 2 जुलाई को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। बांदा समेत प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। इस बार परीक्षा के लिए 19,94,661 (करीब 20 लाख) अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है।

पंडित जवाहर लाल पीजी कॉलेज बाँदा (फोटो साभार: खबर लहरिया)

आज 2 जुलाई को परीक्षा दो शिफ्टों में हुई। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की जांच और पहचान सत्यापन किया गया, ताकि परीक्षा पूरी तरह नकलमुक्त और पारदर्शी रहे।

आज परीक्षा देकर बाहर निकले कई अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर ठीक-ठाक रहा। कुछ सवाल आसान थे तो कुछ ने थोड़ा सोचने पर मजबूर किया। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की भीड़ भी देखने को मिली।

यूपीटीईटी की परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई तक चलेगी। यानी अभी 3 और 4 जुलाई की परीक्षा बाकी है। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा अगले दो दिनों में है। वे समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पहुंचें और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं।

परीक्षा से जुड़े सभी अपडेट, उत्तर कुंजी (Answer Key) और रिजल्ट की जानकारी अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर देख सकते हैं।