वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी एक युवक की मौत हो गई। यह घटना कल 18 जून 2026 को रात में तब घटी जब युवक अनिल राजभर शादी का निमंत्रण पत्र बांटकर घर लौट रहा था। इस घटना से जिस घर में छोटे भाई की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम का माहौल है।
रिपोर्ट – सुशीला, लेखन – सुचित्रा
पूरा मामला क्या है?
खबर लहरिया की रिपोर्ट के अनुसार हरिहरपुर गांव निवासी अनिल राजभर (26) पुत्र दूधनाथ राजभर पेशे से बाइक मैकेनिक था। परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार रात 18 जून अपने छोटे भाई सुनील की शादी का निमंत्रण रिश्तेदारों को देकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पलकहा नहर के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। हादसे में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।
नहर में गिरा मिला शव
आज शुक्रवार 19 जून 2026 को सुबह जब ग्रामीण शौच के लिए नहर की ओर गए तो उन्होंने नहर में बाइक और युवक का शव देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीण चौंक गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घर में चल रही थी शादी की तैयारियां
मृतक के भाई सुनील ने बताया कि 22 जून 2026 को मेरी शादी होनी है। शादी के निमंत्रण पत्र बांटने की जिम्मेदारी अनिल ने संभाल रखी थी। अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। परिवार में छोटे भाई की शादी को लेकर खुशी का माहौल था और तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन अनिल की मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।
मृतक की दो महीने की बेटी और पत्नी
बताया गया कि अनिल की शादी करीब दो वर्ष पहले नेहा से हुई थी। उसकी तीन माह की एक पुत्री भी है। परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता है। पिता दूधनाथ, माता राजपुरी, भाई चंदजीत, पिंटू और सुनील समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देखने से मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।
यदि आप हमको सपोर्ट करना चाहते है तो हमारी ग्रामीण नारीवादी स्वतंत्र पत्रकारिता का समर्थन करें और हमारे प्रोडक्ट KL हटके का सब्सक्रिप्शन लें’


