खबर लहरिया Blog UP/Sambhal News: संभल में ईंट भट्टे पर 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

UP/Sambhal News: संभल में ईंट भट्टे पर 60 साल की बुजुर्ग महिला के साथ सामूहिक बलात्कार का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

यूपी के संभल में एक ईंट भट्ठे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार की घटना सामने आई है। यह घटना 19 मई 2026 की बताई जा रही है। आरोप है कि ईंट भट्टे मालिक समेत तीन लोगों ने मिलकर बुजुर्ग महिला के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। बुधवार 20 मई को संभल पुलिस ने जानकारी दी कि पुलिस मुठभेड़ में एक 35 वर्षीय आरोपी को चोट लगी है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

ईंट भट्टे की तस्वीर (फोटो साभार: सुनीता)

ईंट भट्ठे पर तपती धूप में भी मजदूर काम करते नज़र आते हैं, लेकिन इनकी सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं है खासतौर पर महिलाओं की। महिलाओं के साथ ईंट भट्टे पर इस तरह की घटना आम लगती है क्योंकि जहां दूर दूर तक कोई न हो और सिर्फ कुछ महिलाऐं काम करती हो उनके साथ कुछ भी हो सकता है। ऐसी ही घटना यूपी के संभल जिले से सामने आई।

पूरा मामला

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार यह घटना संभल जनपद के चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। इस ईंट भट्टे पर बदायूं जिले के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग की 60 वर्षीय पत्नी के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया। दोनों ईंट भट्टे की चौकीदारी करते हैं। महिला के पति ने बताया कि घटना वाले दिन, भट्टा मालिक विकास अपने दो अन्य साथियों के साथ गाड़ी में आया। उसने पति को शराब लाने के लिए भेज दिया। पति के जाने के बाद, तीनों ने कथित तौर पर महिला के साथ बलात्कार किया। जब वह वापस आया तो उसने (पति) महिला को खून में लथपथ देखा।

ईंट भट्टे मालिक पर धमकी देने का आरोप

बुजुर्ग महिला के पति ने विरोध करने की कोशिश की तो भट्टा मालिक और उसके साथियों ने उसे चुप रहने की धमकी दी। आधी रात में वह अपनी पत्नी को लेकर चंदौसी कोतवाली पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

बुजुर्ग महिला की हालत गंभीर

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी भेजा। हालत गंभीर होने पर बुधवार 20 मई की सुबह बुजुर्ग महिला को जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। बुजुर्ग महिला के पति ने पुलिस से आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।

पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़

सर्किल अधिकारी दीपक तिवारी ने बताया कि 20 मई की रात को चंदौसी पुलिस थाना क्षेत्र में एक टी-पॉइंट पर पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बहजोई की तरफ से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध ने पीछा किए जाने के दौरान एक संपर्क मार्ग की ओर तेजी से गाड़ी चलाई और पुलिस दल पर गोलीबारी की। इसी दौरान पुलिस ने बचाव में गोली चलाई जिससे आरोपी घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिय टीम का गठन

20 मई को एएनआई से बातचीत करते हुए एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह ने बताया कि चंदौसी पुलिस को महिला के साथ बलात्कार की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर महिला को मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल भेजा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

इस तरह की घटना ईंट भट्टे पर काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल करती है। ऐसे में जब महिला को ही उस ईंट भट्टे की चौकीदारी रखने की जिम्मेदारी दी गई थी, तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी?
ईंट भट्टे पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बातचीत

खबर लहरिया की जमीनी रिपोर्टिंग में पहले भी हमने ईंट-भट्ठे में हो रही घटनाओं (छेड़खानी, स्वास्थ्य, शौचालय, विकास) जैसे मुद्दे पर बातचीत की है जिस पर बहुत कम बातचीत होती है। आप नीचे दिए लिंक में उनसे हुई बातचीत को सुन सकते हैं।

जो महिलाऐं ईंट भट्टे पर काम करती हैं उनका जीवन आसान नहीं होता। वहां काम के दौरान उन्हें किस नज़रिये से देखा जाता है और वहां के मालिक महिलाओं और युवा लड़कियों से किस तरह का बर्ताव करते हैं? आप को इन सभी सवालों का जवाब ऊपर दिए गए वीडियो में मिल जायेगा।

 

If you want to support  our rural fearless feminist Journalism, subscribe to our  premium product KL Hatke   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *